Advertisement

मामला सुलझाने आए साले को जीजा ने चाकू से गोदा

ग्वालियर। ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में एक शख्स ने अपने ही साले पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ 24 वार कर दिए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि जीजा अपने साले पर बेरहमी से चाकू बरसा रहा है, जबकि वह असहाय होकर गिर पड़ा है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

 

Advertisement

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी जीजा और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका पिता फरार है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला पारिवारिक विवाद का नतीजा है। मुरैना निवासी देवेन्द्र रजक की बहन की शादी चार साल पहले ग्वालियर के मेहरा कॉलोनी निवासी कृष्णा रजक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही कृष्णा, उसका भाई सोनू और पिता राम अवतार मिलकर देवेन्द्र की बहन को परेशान करते थे।

25 अप्रैल को देवेन्द्र रजक मुरैना से अपनी बहन के ससुराल आया था, ताकि वह उसके ससुराल वालों से बातचीत कर मामले को सुलझा सके, लेकिन उसके वहां पहुंचते ही जीजा कृष्णा रजक आग बबूला हो गया और अपनी पत्नी को उसके साथ भेजने से साफ मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि जीजा कृष्णा घर के अंदर गया और सब्जी काटने वाला एक चाकू उठा लाया। इसके बाद उसने अपने साले देवेन्द्र पर हमला कर दिया। उस पर चाकू से एक के बाद एक 24 वार किए। चाकू देवेन्द्र के पेट, गर्दन, पीठ और सीने पर लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमले के बाद कृष्णा अपनी बाइक उठाकर मौके से फरार हो जाता है, जबकि उसका भाई सोनू और पिता राम अवतार वहीं खड़े रहते हैं। बाद में वे भी वहां से भाग जाते हैं।

Advertisement

खून से लथपथ भाई को देखकर बहन घबरा गई और उसने स्थानीय लोगों की मदद से देवेन्द्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने देवेन्द्र की हालत गंभीर बताई है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें