रेस्टोरेंट में तोडफ़ोड़ करने वाले चार बदमाश पकड़ाए

उज्जैन। इंदौर रोड स्थित फैमिली रेस्टोरेंट में तोडफ़ोड़ करने वाले पांच बदमाशों में से पुलिस ने चार को उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। दरअसल, बालाजी एवेन्यू में रहने वाले सोमकुमार पिता रतनलाल यादव का इंदौर रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के पास श्रीकृष्णा फैमिली रेस्टोरेंट है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कुछ युवक रेस्टोरेंट के सामने आपस में झगड़ रहे थे और सोमकुमार उनका वीडियो बना रहा था तभी कुछ युवक आए और मोबाइल छीन लिया।

सोमकुमार रेस्टोरेंट पहुंचा तो विवाद कर रहे युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे और सोमकुमार और उनके स्टॉफ से मारपीट की। उन्होंने पत्थर और कुर्सियां फेंके जिससे कूलर, फ्रिज डिस्प्ले काउंटर, छत की पीओपी, अंब्रेला, समोसा काउंटर, साउंड बॉक्स तहस नहस हो गए और करीब १ लाख का नुकसान हुआ। फरियादी की शिकायत पर नानाखेड़ा थाना पुलिस ने लखन, सनी, श्रवण, आकाश और आशीष सभी निवासी काला पत्थर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। नानाखेड़ा थाने के एएसआई राजेश जाट ने बताया कि आरोपी लखन, सनी, श्रवण और आशीष सभी निवासी कालापत्थर को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया, जबकि आकाश फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।









