80 मिनट स्टेशन पर परखी तैयारी

पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडे का पहला उज्जैन दौरा

स्पीक से पिंगलेश्वर, पंवासा, नईखेड़ी, मोहनपुरा में चल रहे सिंहस्थ कार्यों का जायजा, शाम को मीडिया से करेंगे चर्चा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) रामाश्रय पांडे ने बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन पर 80 मिनट तक तैयारियों को परखा। उज्जैन स्टेशन का मुआयना कर वे आसपास के स्टेशन देखने निकले। सिंहस्थ की तैयारियों से वह संतुष्ट नजर आए।
जीएम अपने तय प्रोग्राम से हटकर मंगलवार रात ही स्पेशल सलून से उज्जैन पहुंच गए थे। पहले वह बुधवार सुबह आने वाले थे। तड़के वह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भस्मार्ती में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर सिंहस्थ की तैयारियों का मुआयना किया। करीब 80 मिनट चले निरीक्षण में उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 8 तक लिफ्ट, सफाई, टॉयलेट, टिकट विंडो, रनिंग रूम, स्वास्थ्य केंद्र को देखा।
इस दौरान वे कामों और तैयारियों से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद उन्होंने स्पीक (सेल्फ प्रोप्रालाइड इंस्पेक्शन कार) से पिंगलेश्वर, पंवासा, मोहनपुरा और नईखेड़ी का दौरा किया। स्पीक पटरियों पर दौडऩे वाली विस्टाडम बोगी होती है जो दोनों तरफ मूव करती है।
उनके दौरे की शुरुआत मालगोदाम के समीप बन रहे रोप-वे से हुई। इसके बाद वह प्लेटफॉर्म 1 का निरीक्षण करते हुए बाहर निकले। इस दौरान स्टेशन चकाचक नजर आया। यहां से वह सीधे रनिंग रूम पहुंचे और करीब 10 मिनट तक रुके। इस दौरान उन्होंने रहने व भोजन की व्यवस्थाओं को देखा।
इसके पश्चात स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां मिलने सुविधाओं की जानकारी ली। जीएम वापस प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आए और टिकट विंडो का निरीक्षण करते हुए लिफ्ट में पहुंचे। उन्होंने बटन दबाकर देखा कि लिफ्ट ठीक से काम कर रही है या नहीं। तत्पश्चात जीएम प्लेटफॉर्म 1 से फुट ओवरब्रिज से होकर प्लेटफॉर्म 8 पर पहुंचे। यहां भी टॉयलेट देखे और जीआरपी थाने के समीप नियंत्रण कक्ष पहुंचे। उन्हें मेप के जरिए प्लानिंग बताई कि सिंहस्थ में किस तरह भीड़ को मैनेज किया जाएगा, किस तरह से प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा।
स्पीक में बैठ सिंहस्थ कार्यों का मुआयना
जीएम का उज्जैन रेलवे स्टेशन का दौरा सुबह 10.30 बजे खत्म हुआ। इसके बाद स्पीक में बैठकर वे पिंगलेश्वर, पंवासा, मोहनपुरा, नईखेड़ी में चल रहे सिंहस्थ कार्यों का मुआयना करने पहुंचे। वे दोपहर 3 बजे विक्रमनगर का दौरा करेंगे। इसके बाद चिंतामण जाएंगे। शाम ५.२० बजे वह रेलवे स्टेशन के वीआईपी कक्ष में मीडिया से रूबरू होंगे और दौरे के संबंध में जानकारी देंगे।









