CM मोहन यादव के निर्देश पर 5 माह के मासूम यथार्थ को एयर एम्बुलेंस से बेंगलुरु भेजा

उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र के पांच माह के मासूम यथार्थ सिंह राणावत को गंभीर हृदय रोग के इलाज के लिए पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना के तहत बेंगलुरु भेजा गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कीं।
यथार्थ, महिदपुर विकासखंड के ग्राम सनोरिया सुमराखेड़ा निवासी दीपक सिंह राणावत का पुत्र है। जन्म से ही वह गंभीर हृदय बीमारी से पीड़ित है। पहले उसे उज्जैन के तेजनकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने जटिल हृदय रोग की पुष्टि करते हुए सर्जरी की सलाह दी।
आयुष्मान निरामय योजना के तहत बच्चे के इलाज का पूरा खर्च उठाया जाएगा। 12 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे यथार्थ को बेंगलुरु के नारायणा हेल्थ सिटी रेफर किया गया।बच्चे को पहले एम्बुलेंस से उज्जैन से इंदौर लाया गया, जिसके बाद पीएमश्री एयर एम्बुलेंस के जरिए बेंगलुरु पहुंचाया गया। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने एयर एम्बुलेंस से जुड़े सभी दस्तावेज और आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराईं।









