व्यापारियों ने रैलिंग तोड़ी, मंडी सचिव ने कहा : नगर निगम बाउंड्रीवॉल बनाए

मोहन नगर में पिछले दरवाजों से हो रहा अनाज का अवैध परिवहन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिमनगंज अनाज मंडी के व्यापारियों द्वारा मंडी के पिछले दरवाजे मोहन नगर क्षेत्र से अनाज का अवैध परिवहन किया जा रहा है। व्यापारियों ने नगर निगम की रैलिंग और फुटपाथ भी तोड़ दी। दूसरी ओर मंडी सचिव ने इसे सही ठहराते हुए कहा कि अगर परेशानी है तो नगर निगम अपनी बाउंड्री वॉल बनाए।
नगर निगम ने करीब एक साल पहले ही आगर रोड स्थित मोहन नगर मैन रोड पर फुटपाथ व लोहे की रैलिंग लगाकर सड़क सौंदर्यीकरण काम किया है। मंगलवार को कुछ व्यापारियों ने इन रैलिंग को तोड़ दिया गया। यह मंडी का पिछला हिस्सा है। जहां से कुछ मंडी व्यापारी अवैध रूप से अनाज का परिवहन करते हैं। नगर निगम द्वारा बनाई गई फुटपाथ और रैलिंग ट्रकों में माल लोड करने में बाधा बन रही थी। इस कारण इन्हेें तोड़ दिया गया। इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया और मामला तनावपूर्ण हो गया।
रहवासियों की लंबे समय से नगर निगम और मंडी प्रशासन से मांग की जा रही है कि मंडी व्यापारियों के गोदामों के पीछे के गेट बंद करवाएं। रोड पर ट्रक लगने से जाम लगता है और किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने शिकायत पर नगर निगम ने करीब 15 दिन पहले यहां से व्यापारियों के अतिक्रमण भी हटाए थे। अब व्यापारियों ने अवैध कारोबार के लिए नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना भी शुरू कर दिया है।
इनका कहना
मंडी व्यापारी अनुज्ञा लेकर कहीं से भी माल लोड-अनलोड करवा सकते हैं। अगर नगर निगम को मोहन नगर क्षेत्र से सामान आने जाने में आपत्ति है तो बाउंड्री वाल बनाए। हमारी बाउंड्री वाल नगर निगम तोड़ चुकी है और उसे बनाने के कोर्ट से भी आदेश हो चुके हैें।
-राजेश गोयल, मंडी सचिव









