मोहित हत्याकांड : महाकाल थाने पर परिजनों का हंगामा, आत्मदाह का प्रयास

उज्जैन। 28मई की रात नलिया बाखल में हुए मोहित हत्याकांड के मामले में सोमवार शाम को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब मृतक के परिजनों ने महाकाल थाने के सामने बीच सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने और आत्मदाह करने की कोशिश भी की। प्रदर्शन से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

परिजन और स्थानीय लोग सडक़ पर ही धरने पर बैठ गए, जबकि कुछ लोग पुलिस वाहनों के सामने लेट गए। इससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बयान दर्ज कराने के बहाने बुलाया था, लेकिन जब उन्होंने जांच और सबूतों की जानकारी मांगी, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और थाने से बाहर निकाल दिया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि जब वे पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो बना रहे थे, तब एक पुलिसकर्मी ने उनका मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिजनों की मांग है कि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। मामले में मृतक के पिता प्रेम नारायण की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज हुआ था और महाकाल पुलिस ने 24 घंटे में मुख्य आरोपी एकलव्य शर्मा (पुष्कर बावड़ी) और दो नाबालिग को पकड़ा था। परिजनों का कहना है कि हत्याकांड में अन्य लोग भी शामिल हैं जो अब तक फरार हैं।पहले भी तोड़े थे वाहन, कार्रवाई होगी: मोहित के परिजनों ने घटना की रात भी आसपास तोडफ़ोड़ की थी, जिसमें एक ऑटो, एक लोडिंग वाहन एवं चार बाइक को नुकसान हुआ था। पुलिस द्वारा जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बिजली जाने के कारण बाहर बैठने को कहा था
टीआई गगन बादल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को परिजनों के बयान ले रहे थे उसी वक्त बिजली चली गई, अंधेरे में बयान नहीं होने के कारण बाकी लोगों को बाहर बैठने का कहा था। इस बात पर नाराज होकर परिजन हंगामा करने लगे।









