Welcome to the Jungle का ट्रेलर 11 जून को होगा रिलीज

मुंबई। बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गाना ‘ऊंचा लंबा कद फॉरएवर’ रिलीज कर दिया गया है। गाने में अक्षय कुमार और दिशा पाटनी की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। फिल्म में अभिनेता विंदु दारा सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म को लेकर विंदु दारा सिंह ने कहा कि यह सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़े आयोजन जैसी है। उनके अनुसार, लंबे समय बाद किसी फिल्म में इतने बड़े और लोकप्रिय कलाकार एक साथ नजर आने वाले हैं। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान कई बार उन्हें भी यह देखकर आश्चर्य होता था कि इतने सारे नामचीन सितारे एक ही प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
विंदु ने कहा कि फिल्म का पैमाना, कलाकारों की संख्या और इसकी भव्य प्रस्तुति दर्शकों के लिए एक अलग अनुभव साबित होगी। उन्होंने इसकी तुलना पुराने दौर की चर्चित मल्टीस्टारर फिल्मों से करते हुए कहा कि आज के समय में इतने बड़े कलाकारों को एक साथ लाना किसी उपलब्धि से कम नहीं है।
फिल्म की कहानी पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्शकों को ‘वेलकम’ और ‘वेलकम बैक’ की कहानी से अलग सोच के साथ सिनेमाघरों में जाना चाहिए। यह फ्रेंचाइज की तीसरी फिल्म जरूर है, लेकिन इसकी कहानी पूरी तरह नई और अलग होगी। हालांकि फिल्म का हास्य और मनोरंजन वाला मूल स्वरूप बरकरार रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस बार फिल्म में कॉमेडी के साथ भरपूर एक्शन भी देखने को मिलेगा और अक्षय कुमार दमदार अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर 11 जून को यशराज स्टूडियो में लॉन्च किया जाएगा, जिसमें दर्शकों को फिल्म के विशाल स्केल और भव्यता की पहली झलक देखने को मिलेगी।
विंदु ने शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई बार एक ही दृश्य में इतने कलाकार मौजूद होते थे कि ऐसा लगता था मानो कैमरे के फ्रेम में जगह कम पड़ जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि फिल्म में कई ऐसे सरप्राइज भी हैं, जिन्हें मेकर्स ने अभी तक गुप्त रखा है और उनका खुलासा सीधे सिनेमाघरों में होगा।









