IND vs IRE: क्या वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू टलेगा? आयरलैंड दौरे पर मंडराया संकट

भारत को इस महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है। क्रिकेट जगत में चर्चा है कि महज 15 वर्षीय वैभव इस सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर सकते हैं। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा लगता है कि उनके डेब्यू के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल, भारतीय टीम के आयरलैंड दौरे पर अब अनिश्चितता के बादल छाने लगे हैं।

क्या खतरे में पड़ सकती है टी20 सीरीज?
सीरीज शुरू होने से पहले ही इसके आयोजन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। वजह यह है कि जिन स्थानों पर भारतीय टीम को मुकाबले खेलने हैं, वहां हाल ही में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं।
बेलफास्ट में भड़के दंगों के बाद पूरे मामले पर क्रिकेट जगत की नजरें टिक गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भारत और आयरलैंड के बीच प्रस्तावित दोनों टी20 मुकाबले बेलफास्ट में ही आयोजित होंगे या फिर सुरक्षा कारणों को देखते हुए उन्हें किसी दूसरे शहर में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट आयरलैंड लगातार नजर बनाए हुए हैं। दोनों बोर्ड हालात का आकलन कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क में हैं। इस बीच आयरलैंड क्रिकेट की ओर से भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
इंटर प्रोविंशियल टी20 फेस्टिवल किया गया रद्द
बेलफास्ट में तनावपूर्ण माहौल का असर घरेलू क्रिकेट पर भी देखने को मिला है। लिस्बर्न में आयोजित होने वाला इंटर प्रोविंशियल टी20 फेस्टिवल रद्द कर दिया गया है।
क्रिकेट आयरलैंड ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टूर्नामेंट आयोजित करना संभव नहीं है। बोर्ड ने यह भी कहा था कि सीनियर कप और नेशनल कप के मुकाबलों को लेकर अगले 48 घंटों में फैसला लिया जाएगा।
क्रिकेट आयरलैंड ने क्या कहा?
मामले को लेकर क्रिकेट आयरलैंड ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बोर्ड ने कहा कि वह उन सभी क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है, जहां अशांति की घटनाएं सामने आई हैं।
क्रिकेट आयरलैंड के अनुसार, रविवार को खेले जाने वाले आयरिश सीनियर कप और नेशनल कप मुकाबलों के संबंध में निर्णय अगले 48 घंटों में लिया जाएगा। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संबंधित सरकारी एजेंसियों और अपने प्रांतीय संघों के साथ लगातार संपर्क में है।
बयान में कहा गया कि खिलाड़ियों, कोचों, मैच अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जैसे-जैसे स्थिति को लेकर नई जानकारी मिलेगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर भी असर संभव
यदि सुरक्षा कारणों से सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव होता है या मुकाबलों को स्थगित किया जाता है, तो इसका असर युवा खिलाड़ियों पर भी पड़ सकता है। खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी, जिनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है, उन्हें अपने पहले मैच के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है।
फिलहाल सभी की नजरें आयरलैंड की स्थिति और दोनों क्रिकेट बोर्डों के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को भी शामिल किया गया है।









