साइबर ठगी की जांच में तेलंगाना पुलिस की इंदौर में दबिश, दो आरोपी पकड़े गए

इंदौर। साइबर ठगी के एक मामले की जांच के सिलसिले में तेलंगाना पुलिस की टीम रविवार सुबह इंदौर पहुंची। टीम ने सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में औपचारिक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से खजराना और पलासिया क्षेत्र में कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान साइबर फ्रॉड से जुड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई का संबंध अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि तेलंगाना पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से एक आरोपी की पहचान की और उसे नियमानुसार अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए लोगों में कपिल अहीर और तिलक शैवाल शामिल हैं। कपिल मूल रूप से बुरहानपुर का निवासी है, जबकि वर्तमान में इंदौर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पलासिया थाना क्षेत्र में रहता था और फिलहाल खजराना चौराहे के पास निवास कर रहा था। तेलंगाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने जांच प्रभावित न हो, इसलिए केस से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।









