इंदौर महिला से लाखों ठगे, व्हाट्सएप हैक कर मांगे रुपए

इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में व्हाट्सऐप हैक कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने इंग्लैंड में रहने वाले महिला के परिचित का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाया और मदद के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने परिचित का संदेश समझकर बिना पुष्टि किए दो किस्तों में रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। बाद में फोन पर बात करने पर पता चला कि परिचित का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो चुका था।

मेडिकल इमरजेंसी बताकर मांगे गए थे रुपये
पुलिस के अनुसार उषागंज छावनी निवासी राबिया खान ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 20 जून को इंग्लैंड में रहने वाले उनके परिचित याकूब खान के मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप संदेश आया। संदेश में मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देते हुए तत्काल पैसों की जरूरत बताई गई और पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते में राशि भेजने के लिए कहा गया।
दो बार में भेजे एक लाख रुपये
परिचित की मदद करने की नीयत से राबिया खान ने बिना किसी से सलाह लिए और बिना फोन पर पुष्टि किए दो बार में 50-50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद उन्होंने याकूब खान से फोन पर संपर्क किया, तब पता चला कि उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी संदेश भेजकर ठगी की है।
बैंक और साइबर हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत
ठगी का पता चलते ही महिला ने तुरंत अपने बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर आवश्यक जानकारी दी और साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज
संयोगितागंज थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले फोन या अन्य माध्यम से उसकी पुष्टि जरूर करें।









