दिल्ली में नवविवाहिता की मौत, परिवार ने जताया हत्या का शक

दिल्ली के वीआईपी इलाके लोधी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गहराता जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को 28 वर्षीय आकृति सुतार सुतार फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं, जिसके बाद अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस जहां इसे आत्महत्या के चश्मे से देख रही है, वहीं मृतका के मायके वालों ने इसे सोची-समझी हत्या (मर्डर) करार दिया है।

परिजनों का तर्क है कि शनिवार को आकृति न सिर्फ अपने ऑफिस गई थीं, बल्कि उन्होंने वहां सहकर्मियों को एक छोटी सी पार्टी भी दी थी। इसके अलावा, शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बहुत ही सामान्य तरीके से बात की थी। परिवार का कहना है कि जो लड़की इतनी खुश थी और घर लौटने की बात कह रही थी, वह महज तीन घंटे बाद अचानक सुसाइड कैसे कर सकती है।
ढाई महीने पहले हुई थी शादी:
मूल रूप से दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली आकृति छतरपुर की एक निजी कंपनी में बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव कार्यरत थीं। उनकी शादी इसी साल 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का नाम के युवक से हुई थी। महज ढाई महीने पहले हुए इस विवाह के पीछे एक दिलचस्प पहलू यह था कि आकृति की दोस्ती पहले अरस्तु की बहन अगस्तिका सिक्का से हुई थी, जिसके बाद दोनों का प्रेम प्रसंग विवाह में बदला।
अब आकृति के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही पति अक्सर आकृति की पिटाई करता था। आरोप है कि अब इस जघन्य हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देकर असली आरोपियों को बचाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
गुमशुदगी के नाटक के बाद मिला शव:
आकृति के चाचा मनंजय सुतार ने घटनाक्रम की टाइमलाइन साझा करते हुए बताया कि शाम 6 बजे मां से बात होने के ठीक दो घंटे बाद, यानी रात करीब 8 बजे अरस्तु का फोन आया। उसने घबराते हुए कहा कि आकृति कहीं लापता हो गई है। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि पालिका कुंज परिसर में एक महिला का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान आकृति के रूप में हुई।
इसी बीच, दिल्ली-एनसीआर से पत्नी की हत्या के दो अन्य खौफनाक मामले भी सामने आए हैं। पहले मामले में दिल्ली के राणहोला इलाके में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी की भारी बैटरी से मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद भी जहर खाकर जान दे दी। वहीं दूसरे मामले में, गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे पति और उसकी प्रेमिका को नेपाल से लौटने पर गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शादी के महज तीन महीने बाद पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।









