सिया ने केतन का मर्डर करने राजा रघुवंशी केस पढ़ा यह भी पूछा- कस्टडी में महिला से मारपीट होती है

पुणे की वडगांव कोर्ट ने सिया और चेतन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुणे, एजेंसी। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंटरनेट पर इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी जुटाई थी।
पुलिस के मुताबिक सिया ने इंटरनेट पर यह भी सर्च किया था कि क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं के साथ मारपीट होती है। यह पूरी जानकारी सिया के दोनों मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से मिली। पुलिस 2 दिन पहले सिया को उसके घर लेकर गई थी, जहां उसके बेडरूम से दूसरा मोबाइल भी जब्त किया है। घटना वाले दिन के कुछ चश्मदीद भी मिले हैं, जिनके बयान जांच को और मजबूत कर रहे हैं। फिलहाल दोनों 16 जुलाई तक येरवदा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।
सिया के पिता बोले अश्लील इशारा नहीं था
सिया गोयल के पिता ने उन दावों को खारिज कर दिया है कि उसने मीडिया की ओर कोई अश्लील इशारा किया था। उनका कहना है कि वायरल वीडियो का गलत मतलब निकाला गया। उनके मुताबिक, कानूनी औपचारिकताओं के लिए पुलिस जब सिया को घर ला रही थी, तब कार का दरवाजा बंद होने से उसकी दो उंगलियां घायल हो गई थीं और वह बस अपना घायल हाथ दिखा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय मौजूद पुलिसकर्मियों से इन चोटों की पुष्टि की जा सकती है।








