Lockup 2 में शिल्पा शिंदे की वाइल्डकार्ड एंट्री ने बढ़ाया रोमांच

रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। शो के रोमांच को और बढ़ाने के लिए अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने पहले वाइल्डकार्ड प्रतिभागी के रूप में एंट्री ले ली है। उन्होंने रविवार को आधिकारिक तौर पर शो में कदम रखा।

शिल्पा शिंदे पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बनी हुई थीं। साल 2016 में मशहूर टीवी शो ‘भाभीजी घर पर हैं!’ छोड़ने के बाद प्रोड्यूसर्स पर लगाए गए शोषण के आरोपों को लेकर दिए गए उनके ताजा बयानों ने काफी विवाद खड़ा कर दिया था।
आत्मविश्वास से लबरेज दिखीं अभिनेत्री:
फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे ‘लॉकअप 2’ में शिल्पा की एंट्री से मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक प्रोमो शेयर कर उनके आने की आधिकारिक घोषणा की है।
प्रमोशनल वीडियो में शिल्पा पूरे आत्मविश्वास के साथ कहती नजर आ रही हैं कि अंदर जो लोग अपनी गद्दी जमाए बैठे हैं, उन्हें कह दो कि उनका राज तभी तक चलेगा जब तक बाहर का कोई कदम अंदर नहीं रखता।
पुराने विवादों पर कही यह बात:
हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट पर शिल्पा ने ‘भाबीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराई गई उत्पीड़न की शिकायत पर बात की थी। उन्होंने बताया कि बाद में मामला सुलझ गया और उन्हें बकाया पैसे मिल गए थे।
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उन्होंने तब प्रोड्यूसर पर झूठे आरोप लगाए थे ताकि खुद पर लगे आरोपों से ध्यान हटाया जा सके। उनके इस खुलासे पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काफी बहस छिड़ गई है और कई लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं।
शो का पहला एविक्शन:
27 जून 2026 से शुरू हुए इस रियलिटी शो से श्रेष्ठा अय्यर बाहर होने वाली पहली कंटेस्टेंट बन गई हैं। ‘लॉकअप 2’ का प्रसारण शनिवार से बुधवार तक नेटफ्लिक्स पर किया जा रहा है, जहां हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं।









