लीक हुई ‘सतलुज’ फिल्म, जी5 ने पाइरेसी पर जताई नाराजगी

ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 इंडिया पर रिलीज होने के महज दो दिन बाद ही फिल्म ‘सतलुज’ को अचानक हटा दिया गया है। 3 जुलाई 2026 को स्ट्रीम हुई यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म हटने के बाद भी सोशल मीडिया पर इसकी पाइरेटेड कॉपी तेजी से वायरल हो रही है।

इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब फिल्म के लीड एक्टर दिलजीत दोसांझ का एक बयान सामने आया। उन्होंने उन लोगों से, जिन्होंने फिल्म को पहले ही डाउनलोड कर लिया है, इसे दूसरों के साथ शेयर करने की बात कही। दिलजीत ने भावुक होते हुए कहा कि अब यह फिल्म पूरी तरह से दर्शकों की है।
जी5 ने की पाइरेसी न फैलाने की अपील:
सोमवार, 6 जुलाई 2026 को जी5 ने आधिकारिक बयान जारी कर दर्शकों से एक्स (ट्विटर) और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर फिल्म के अवैध लिंक शेयर न करने की अपील की है। कंपनी ने एक पोस्टर जारी कर कहा कि वे ‘सतलुज’ को वापस लाने की कानूनी कोशिश कर रहे हैं, तब तक फैंस पाइरेसी को सपोर्ट न करें।
फिल्म की स्टार कास्ट और कहानी:
बता दें कि इस फिल्म का पुराना नाम ‘पंजाब 95’ था। यह फिल्म पंजाब के एक बेहद संवेदनशील और मुश्किल दौर में जसवंत सिंह खालड़ा द्वारा न्याय के लिए लड़ी गई लड़ाई को दर्शाती है। फिल्म का जो वर्जन रिलीज हुआ था, वह पूरी तरह अनकट था और उसे खालड़ा के परिवार की मंजूरी मिली हुई थी।
हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कनवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यन जैसे मंझे हुए कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिलहाल फिल्म प्रेमी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि यह फिल्म दोबारा कब कानूनी रूप से प्लेटफॉर्म पर लौटती है।









