The India Story का नया पोस्टर रिलीज

The India Story: का नया पोस्टर रिलीज, गुस्साई भीड़ के बीच नजर आए काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े
The India Story: सामाजिक मुद्दे पर आधारित आगामी कोर्टरूम ड्रामा ‘द इंडिया स्टोरी’ का नया पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े एक आक्रोशित भीड़ के बीच घिरे दिखाई दे रहे हैं, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
पोस्टर में दिखा तनाव और संघर्ष
रिलीज हुए नए पोस्टर का बैकग्राउंड एक सब्जी मंडी का है, जहां गुस्साई भीड़ दोनों कलाकारों का विरोध करती नजर आ रही है। पोस्टर में लोग उन पर सब्जियां फेंकते और उंगली उठाते दिखाई देते हैं, जबकि काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े के चेहरे पर तनाव और डर साफ झलकता है।
पोस्टर पर लिखा “Slow Poison in Progress” फिल्म के मुख्य विषय की ओर इशारा करता है और यह बताता है कि कहानी एक ऐसे खतरे पर आधारित है, जो धीरे-धीरे समाज को प्रभावित कर रहा है।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘द इंडिया स्टोरी’ की कहानी कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग, खेती और उससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर आधारित है। फिल्म एक कोर्टरूम ड्रामा के जरिए इस विषय को बड़े पर्दे पर पेश करती है।
निर्देशक ने क्या कहा?
फिल्म के निर्देशक चेतन डीके के मुताबिक, नया पोस्टर सच बोलने की कीमत और व्यवस्था को चुनौती देने पर सामने आने वाले विरोध को दर्शाता है। उनका कहना है कि फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करना है कि वे क्या खा रहे हैं और जिन चीजों पर भरोसा करते हैं, उनके पीछे की सच्चाई क्या है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
ज़ी स्टूडियोज़ के सहयोग से एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है।
फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
स्टार कास्ट और तकनीकी टीम
फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। सिनेमैटोग्राफी निशांत भागवत ने की है, जबकि संगीत मंगेश धकड़े ने दिया है।









