उत्तरप्रदेश में भारी बारिश, 11 नदियां उफान पर, हिमाचल में लैंडस्लाइड

नईदिल्ली, एजेंसी। यूपी में मानसूनी बारिश की वजह से नदियां गंगा, यमुना और शारदा समेत 11 नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में 100 से ज्यादा छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं। आज राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
मध्यप्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजस्थान के जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर-सोलन सीमा के पास शुक्रवार को कई जगह लैंडस्लाइड होने के बाद 114 सड़कें बंद कर दी गईं। 30 जून को राज्य में मानसून की शुरुआत से अब तक बारिश से हुए हादसों में 78 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, ओडिशा में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ आ गई। प्रशासन ने 41,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।









