श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज, मथुरा-द्वारका में हुई मंगला आरती, दिनभर होगा पूजन

75 लाख श्रद्धालु पहुंचने की संभावना, पुरी में भगवान जगन्नाथ देंगे कान्हा को जन्म
मथुरा/द्वारका/पुरी। देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव है। मथुरा-वृंदावन से लेकर जगन्नाथ पुरी और द्वारका में जन्माष्टमी की धूम है। मथुरा में जन्मभूमि, द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर, दिल्ली के इस्कॉन मंदिर और जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में मंगला आरती हुई। भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में गुरुवार रात से ही श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
अनुमान है कि जन्मोत्सव के लिए मथुरा-वृंदावन समेत ब्रज मंडल में करीब 75 लाख श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। इधर, जन्माष्टमी पर ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में एक खास रस्म के लिए मुख्य मंदिर 5 घंटे तक बंद रहेगा। इस रस्म में भगवान मां का रूप धारण करके श्री कृष्ण को जन्म देंगे। जन्माष्टमी से ठीक पहले शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्री लड्डू गोपाल के लिए खास उपहार भेजे गए। यह परंपरा 2024 में शुरू हुई थी। श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले वाराणसी से खास तोहफे मथुरा भेजे गए। यह पहल काशी और मथुरा के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक लेन-देन की परंपरा को जारी रखती है, जो 2024 में शुरू हुई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण!
मुख्यमंत्री ने देश-प्रदेशवासियों को दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात की देवभूमि द्वारका के पावन द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर सपत्नीक भगवान श्री द्वारकाधीश के अलौकिक रूप का दर्शन कर पूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी सीमा यादव एवं अन्य परिजन सहित सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय के डॉ. इलैया राजा टी. भी उपस्थित थे। सीएम ने दर्शन-पूजन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा भी की।









