बच्चों के लिए निकालें समय, इन आसान तरीकों से मजबूत करें रिश्ता

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में माता-पिता के पास बच्चों के लिए समय कम होता जा रहा है। ऑफिस, घर के काम, स्कूल और मोबाइल के बीच बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम नहीं मिल पाता। इसका असर माता-पिता और बच्चों के रिश्ते पर भी पड़ सकता है।
हालांकि, रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए घंटों साथ रहना जरूरी नहीं है। रोज सिर्फ 10 मिनट बच्चे को दें और इस दौरान अपना पूरा ध्यान उसी पर रखें। इससे बच्चे को अपनापन महसूस होगा और वह अपनी बातें खुलकर साझा करेगा।
- बातचीत की शुरुआत पढ़ाई से न करें
बच्चे से बात करते समय सीधे पढ़ाई या होमवर्क के बारे में न पूछें। इसके बजाय पूछें- आज स्कूल में क्या अच्छा लगा या कोई नई बात क्या सीखी? ऐसे सवालों से बच्चा बिना दबाव के अपनी बातें बताता है।
- बात करते समय फोन दूर रखें
बच्चा जब बात करे तो मोबाइल और टीवी से दूरी बना लें। उसकी बात ध्यान से सुनें और बीच में न रोकें। इससे बच्चे को महसूस होगा कि उसकी बातें आपके लिए महत्वपूर्ण हैं।
- गलती पर डांटने के बजाय समझाएं
बच्चा अपनी गलती या डर के बारे में बताए तो तुरंत डांटने से बचें। प्यार से समझाएं और उसे भरोसा दें कि गलती से सीखकर उसे सुधारा जा सकता है। इससे बच्चा आगे भी आपसे अपनी बातें शेयर करेगा।
- छोटी-छोटी बातों पर तारीफ करें
बच्चे के अच्छे काम की तारीफ जरूर करें। उसने अपना काम खुद किया हो या किसी की मदद की हो, तो उसकी सराहना करें। बातचीत के बाद प्यार से गले लगाना भी बच्चे को सुरक्षित और खास महसूस करा सकता है।
- रोज 10 मिनट का समय तय करें
बच्चे से बात करने के लिए रोज एक समय तय करें। रात में सोने से पहले का समय इसके लिए अच्छा हो सकता है। इस समय बच्चा रिलैक्स रहता है और आसानी से अपने मन की बात कर सकता है।
बच्चों को महंगे खिलौनों से ज्यादा माता-पिता का समय और ध्यान चाहिए। रोज के सिर्फ 10 मिनट प्यार और समझ के साथ बिताकर आप बच्चे के साथ मजबूत और भरोसेमंद रिश्ता बना सकते हैं।









