बेडरूम के ये 5 वास्तु बदलाव पति-पत्नी के रिश्ते को बना सकते हैं मजबूत

पति-पत्नी का रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। रिश्ते में प्यार और सामंजस्य बनाए रखने के लिए घर में सकारात्मक ऊर्जा का होना अधिक आवश्यक है। अक्सर देखने को मिलता है कि कई कोशिशों के बाद भी बिना वजह पति-पत्नी के बीच अनबन होने लगती है।
इसके पीछे की वजह बेडरूम का वास्तु दोष हो सकता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेडरूम में वास्तु दोष होने की वजह से पति-पत्नी के रिश्ते में खटास आने लगती है और वैवाहिक जीवन में दूरियां आने लगती हैं। अगर आप भी इस तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो निचे बताए गए बेडरूम में वास्तु से जुड़े बदलाव जरूर करें। इससे वास्तु दोष की समस्या दूर होगी और पति-पत्नी के रिश्ते मजबूत होंगे।
1. दिशा और सामान की जगह का रखें ध्यान
वास्तु के अनुसार घर में चीजों को सही दिशा और जगह पर रखने से माहौल बेहतर और सकारात्मक बना रह सकता है। बेडरूम में भी सामान को व्यवस्थित रखना जरूरी माना जाता है। कमरे में जरूरत से ज्यादा चीजें न रखें और कोशिश करें कि जगह खुली और साफ रहे।
2. बेडरूम में चुनें हल्के रंग
कमरे के रंग का असर उसके माहौल पर भी दिखाई देता है। बेडरूम के लिए हल्का गुलाबी, क्रीम, पेस्टल या मिट्टी जैसे रंगों का इस्तेमाल किया जा सकता है। बहुत ज्यादा गहरे और चटख रंगों से बचना बेहतर माना जाता है, क्योंकि हल्के रंग कमरे को शांत और आरामदायक महसूस कराते हैं।
3. सजावट में जोड़े वाली चीजें शामिल करें
बेडरूम की सजावट में जोड़े वाली चीजें रखना अच्छा माना जाता है। वास्तु के अनुसार, जोड़े वाले पक्षियों की तस्वीर या सजावटी वस्तुएं प्यार, साथ और आपसी जुड़ाव का प्रतीक मानी जाती हैं। ऐसी सजावट कमरे में सकारात्मक और खुशनुमा माहौल बनाने में भी मदद कर सकती है।
4. कमरे की रोशनी पर भी दें ध्यान
बेडरूम में बहुत तेज रोशनी के बजाय हल्की और आरामदायक रोशनी रखें। इससे कमरे का माहौल शांत और सुकून भरा बना रहता है। साथ ही कमरे को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना भी जरूरी है। हल्की रोशनी और साफ-सुथरा कमरा नींद और आराम के लिए भी बेहतर माहौल बनाता है।
5. बेडरूम में गैजेट्स का इस्तेमाल कम करें
टीवी, कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बेडरूम से दूर रखना या उनका इस्तेमाल कम करना बेहतर है। खासकर सोने से पहले मोबाइल और अन्य स्क्रीन से दूरी बनाने से कमरे में आरामदायक माहौल बनाया जा सकता है।
वास्तु से जुड़े इन सुझावों को आप अपनी सुविधा के अनुसार अपना सकते हैं। इसके साथ ही रिश्ते में प्यार और समझ बनाए रखने के लिए एक-दूसरे को समय देना और खुलकर बातचीत करना भी जरूरी है।









