ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की मौत

पिता-बेटे और मां-बेटी के शव मिले, फूड पॉइजनिंग की आशंका
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह घर में सभी के शव बिस्तर पर मिले। घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान महेश (37), पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), साक्षत (3) और बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार के लोग नहीं उठे तो पड़ोसियों को शक हुआ। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर पांचों बिस्तर पर दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस घर के अंदर पहुंची तो एक चारपाई पर महेश का शव बेटे से लिपटा मिला, जबकि दूसरे बिस्तर पर ललिता, उनका छोटा बेटा और बेटी मृत मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक मृतक के मुंह से झाग भी निकल रहा था।
रात में खाया था नूडल्स, सुबह नहीं उठे
महेश की मां के मुताबिक, परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे नूडल्स खाए थे। इसके बाद सभी सोने चले गए। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने नूडल्स नहीं खाए। शनिवार सुबह महेश के काफी देर तक नहीं उठने पर उन्हें शक हुआ।
प्रॉपर्टी विवाद की भी चर्चा
घटना के बाद परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। पड़ोसियों के हवाले से दावा किया गया कि महेश की मां संपत्ति बेटियों और दामाद के नाम करने की बात कहती थीं। इसी विवाद के बीच नूडल्स में जहर मिलाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। महेश की भाभी ने भी परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद होने की बात कही। उन्होंने अपने हिस्से का हक दिलाने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पांच लोगों की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है।









