दिवाली की सफाई का बना रहे हैं प्लान? सबसे पहले करें ये काम

दिवाली आने से पहले घर की साफ-सफाई का काम शुरू हो जाता है। त्योहार पर हर कोई चाहता है कि उसका घर साफ-सुथरा और चमकता हुआ नजर आए। लेकिन जब पूरे घर की सफाई की बात आती है, तो सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि शुरुआत कहां से करें। एक साथ पूरा घर साफ करने की कोशिश में समय भी ज्यादा लगता है और काम भी अधूरा रह जाता है। ऐसे में बेहतर है कि सफाई की प्लानिंग पहले से कर ली जाए और घर के हर हिस्से को बारी-बारी से साफ किया जाए। अगर आप भी दिवाली से पहले घर की डीप क्लीनिंग करना चाहते हैं, तो ये Diwali Deep Cleaning Tips आपके काफी काम आ सकती हैं। इन आसान तरीकों से आप कम परेशानी में पूरे घर को साफ और व्यवस्थित कर सकते हैं।
1. सबसे पहले घर से गैरजरूरी सामान हटाएं
दिवाली की सफाई शुरू करने से पहले घर में रखा गैरजरूरी सामान अलग कर लें। पुराने अखबार, टूटे हुए सामान, खाली डिब्बे और ऐसे कपड़े जिन्हें लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किया गया है, उन्हें बाहर निकालें। सामान को तीन हिस्सों में बांट लें। पहला, जो चीजें आपके काम की हैं और रखनी हैं। दूसरा, जिन्हें ठीक कराया जा सकता है और तीसरा, जिन्हें दान किया जा सकता है या घर से हटाना है। अलमारी, स्टोर रूम और शेल्फ को भी व्यवस्थित करें। इससे घर में जगह बनेगी और आगे की सफाई करना आसान होगा।
2. बेडरूम की सफाई से करें शुरुआत
घर का सामान व्यवस्थित करने के बाद बेडरूम की सफाई शुरू कर सकते हैं। सबसे पहले बेडशीट, तकिए के कवर, पर्दे और कुशन कवर जैसी चीजें हटा दें। इन्हें अच्छी तरह धो लें या जरूरत के अनुसार ड्राई क्लीन करवाएं। इसके बाद पंखे, दीवार, खिड़की, दरवाजे और फर्नीचर की धूल साफ करें। अलमारी के अंदर रखा सामान बाहर निकालकर शेल्फ को साफ करें और कपड़ों को दोबारा सही तरीके से रखें। बेड के नीचे और फर्नीचर के पीछे की जगह को भी साफ करना न भूलें। इन हिस्सों में अक्सर काफी धूल जमा हो जाती है।
3. किचन की डीप क्लीनिंग करना न भूलें
दिवाली के दौरान घर में मिठाइयां, नमकीन और कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। ऐसे में किचन की सफाई सबसे जरूरी कामों में से एक है। सबसे पहले किचन की अलमारी और कैबिनेट में रखा सामान चेक करें। एक्सपायरी डेट निकल चुके पैकेट और पुराने खाद्य पदार्थों को हटा दें। इसके बाद शेल्फ, ड्रॉअर और कैबिनेट को साफ करें। फ्रिज की सफाई भी अच्छी तरह करें। उसमें रखा सामान बाहर निकालें, एक्सपायरी डेट देखें और अंदर की शेल्फ साफ करें। गैस स्टोव, माइक्रोवेव, चिमनी और किचन काउंटर पर जमी चिकनाई को भी साफ करें। इससे दिवाली के दौरान खाना बनाने में आसानी होगी।
4. बाथरूम को भी करें अच्छी तरह साफ
दिवाली की सफाई में बाथरूम को नजरअंदाज न करें। सबसे पहले वहां रखी बोतलें, साबुन, शैंपू और दूसरी चीजों को हटाकर अलग रखें। इसके बाद वॉशबेसिन, टॉयलेट, नल और शॉवर एरिया की सफाई करें। बाथरूम की टाइल्स और शीशे पर लगे दाग भी साफ करें। खासतौर पर नलों के आसपास, कोनों और ड्रेन के पास जमा गंदगी पर ध्यान दें। सफाई के लिए उपयुक्त क्लीनर का इस्तेमाल करें और केमिकल वाले क्लीनर को आपस में मिलाने से बचें।
5. दीवार, दरवाजे और खिड़कियों को करें साफ
घर की सफाई करते समय अक्सर दीवारों, दरवाजों और खिड़कियों पर ध्यान नहीं जाता। जबकि इन जगहों पर भी काफी धूल जमा हो जाती है। दरवाजों के हैंडल, खिड़की के फ्रेम, ग्रिल और शीशों को अच्छी तरह साफ करें। दीवारों को साफ करने से पहले उनकी सतह के हिसाब से सही तरीका अपनाएं। जहां संभव हो, वहां मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से सफाई करें। खिड़कियों के शीशे साफ करने के लिए ग्लास क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
6. लिविंग रूम की सफाई पर दें खास ध्यान
दिवाली के दौरान परिवार और मेहमान सबसे ज्यादा समय लिविंग रूम में बिताते हैं। इसलिए इस जगह की सफाई अच्छी तरह करना जरूरी है। सबसे पहले पुराने मैगजीन, कागज और गैरजरूरी सामान हटा दें। इसके बाद सोफा, टेबल, टीवी यूनिट, शेल्फ और सजावटी चीजों की धूल साफ करें। पर्दे, सोफा कवर, कुशन कवर और रग्स को भी धो लें या जरूरत के अनुसार ड्राई क्लीन करवाएं। पंखे, लाइट्स और फर्नीचर के पीछे की जगह को भी साफ करें। आखिर में पूरे फर्श पर झाड़ू या वैक्यूम करने के बाद पोछा लगाएं।
7. आखिर में फर्श, बालकनी और घर के बाहर की जगह साफ करें
जब घर के सभी कमरों की सफाई हो जाए, तब फर्श और बालकनी की सफाई करें। फर्नीचर के नीचे, कमरों के कोनों और उन जगहों पर खास ध्यान दें जहां आमतौर पर सफाई करना मुश्किल होता है। बालकनी में जमा धूल, सूखे पत्ते और गैरजरूरी सामान हटा दें। रेलिंग, खिड़कियों की ग्रिल और बाहर रखे फर्नीचर को भी साफ करें। अगर बालकनी में पौधे हैं, तो उनके सूखे पत्ते हटा दें और गमलों को सही जगह पर रखें।
सफाई के बाद शुरू करें दिवाली की सजावट
घर की डीप क्लीनिंग पूरी होने के बाद दिवाली की सजावट शुरू करें। मुख्य दरवाजे पर फूलों का तोरण लगाएं और प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाएं। घर की खिड़कियों, बालकनी और पूजा स्थल को दीयों और सजावटी लाइट्स से सजा सकते हैं। इसके साथ ही लक्ष्मी-गणेश पूजा की तैयारी भी पहले से कर लें। पूजा की जगह साफ करके फूल, रोली, अगरबत्ती, रूई की बत्ती और दूसरी जरूरी सामग्री एक जगह रख लें।
यह भी पढ़े: दिवाली सजावट 2026: जानें कम बजट में घर को कैसे दें रॉयल लुक
यह भी पढ़े: दिवाली की सफाई करते समय भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां
दिवाली की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- सफाई का काम एक दिन में पूरा करने की कोशिश न करें।
- हर दिन घर के एक या दो हिस्सों की सफाई करें।
- सफाई शुरू करने से पहले जरूरी सामान और क्लीनिंग प्रोडक्ट्स तैयार रखें।
- ऊपर से नीचे की तरफ सफाई करें, ताकि धूल साफ किए गए हिस्सों पर दोबारा न गिरे।
- सफाई के दौरान बच्चों और पालतू जानवरों को केमिकल क्लीनर से दूर रखें।
- भारी सामान उठाते समय सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर मदद लें।
दिवाली की सफाई को अगर सही तरीके से प्लान किया जाए, तो यह काम काफी आसान हो सकता है। पूरे घर को एक साथ साफ करने के बजाय हर कमरे और हिस्से पर अलग-अलग ध्यान दें। इससे न सिर्फ आपका घर साफ और व्यवस्थित रहेगा, बल्कि त्योहार के दिनों में सजावट और पूजा की तैयारी के लिए भी पर्याप्त समय मिल जाएगा।









