इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर से की छेड़छाड़, हवा में बजा अलार्म

दिल्ली से पुणे जा रही फ्लाइट में मची अफरा-तफरी
टेकऑफ के बाद यात्री ने हटाया लीवर का कवर; क्रू मेंबर की शिकायत पर केस दर्ज
दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को एक यात्री ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर से छेड़छाड़ कर दी। इससे उड़ान के दौरान अलार्म बजने लगा और विमान में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद क्रू मेंबर की शिकायत पर आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गौरव सत्येंद्र रौतेला (33) के रूप में हुई है। वह पुणे का रहने वाला है और विमान में इमरजेंसी दरवाजे के पास बैठा था।
टेकऑफ के बाद लीवर के कवर से की छेड़छाड़
फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 12:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और रात करीब 2 बजे पुणे पहुंची। पुलिस के अनुसार, टेकऑफ के कुछ समय बाद यात्री ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ की। इसके बाद विमान में अलार्म बजने लगा।
यात्री को नोटिस जारी, जांच जारी
क्रू मेंबर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यात्री के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी को नोटिस जारी किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ ऐसी धारा में मामला दर्ज किया गया है, जो लापरवाही या उतावलेपन में किए गए ऐसे कृत्य से संबंधित है, जिससे किसी व्यक्ति की जान या निजी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।









