Popup Image

सहवाग के बेटे ने संभाली भारत की नैया, यूएई के खिलाफ जमाया शतक

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया। यूएई के खिलाफ अहम मुकाबले में उनकी इस पारी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर सहवाग परिवार का नाम चर्चा में है। टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। भारत और यूएई के बीच खेले जा रहे अहम मुकाबले में आर्यवीर ने शानदार शतकीय पारी खेली।

Advertisement

ओपनिंग करने उतरे आर्यवीर ने शुरुआत से ही संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने 131 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए काफी अहम है, क्योंकि हारने वाली टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा है।

विकेट गिरने के बाद भी नहीं डगमगाए आर्यवीर

Advertisement

यूएई के खिलाफ मैच में भारतीय टीम को पहला झटका 62 रन के स्कोर पर लगा। कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आर्यवीर ने एक छोर संभाले रखा और बिना जल्दबाजी किए अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने पिच और मैच की स्थिति को समझते हुए बल्लेबाजी की। जरूरत के मुताबिक स्ट्राइक रोटेट की और खराब गेंदों पर रन बटोरे। उनकी इस पारी में धैर्य के साथ अच्छे शॉट्स का भी शानदार तालमेल देखने को मिला।

नेपाल के खिलाफ भी खेली थी 70 रन की नाबाद पारी

Advertisement

अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है। इससे पहले 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने नाबाद 70 रन बनाए थे। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ अगले मैच में उनका बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 22 रन बनाकर आउट हो गए। अब यूएई के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है।

यह भी पढ़े: भारत ने न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त

भारत के लिए यूएई के खिलाफ मुकाबला क्यों है अहम?

अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम अपना तीसरा और आखिरी मुकाबला यूएई के खिलाफ खेल रही है। इससे पहले खेले गए दो मैचों में भारत को एक में जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम के खाते में 2 अंक हैं और वह बेहतर नेट रनरेट के आधार पर ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। यूएई के भी 2 अंक हैं और वह भारत को पीछे छोड़कर अगले दौर में जगह बनाने की कोशिश में है। वहीं, ग्रुप में शीर्ष पर मौजूद पाकिस्तान की टीम अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अब दूसरे स्थान के लिए भारत और यूएई के बीच सीधी टक्कर है।

इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम के 4 अंक हो जाएंगे और वह अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर लेगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आर्यवीर की शतकीय पारी भारत को अगले दौर तक पहुंचाने में कितनी मदद करती है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें