ईरान युद्ध पर ट्रम्प का बड़ा बयान, जानें जंग को लेकर क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सैन्य नजरिए से ईरान के खिलाफ अभियान लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल अमेरिका की ओर से नए हमले करने की जरूरत नहीं है, लेकिन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि ईरान की सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अमेरिका की प्राथमिकता अभी भी यह सुनिश्चित करना है कि ईरान भविष्य में परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे न बढ़ सके।
ट्रम्प का यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी के साथ मुलाकात के बाद आया। बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।
ईरान पर दोबारा हमले को लेकर क्या बोले ट्रम्प?
ट्रम्प ने ईरान पर फिर से हमला करने की अपनी चेतावनी को लेकर भी नरम रुख के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि अगर ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ती है और दोनों देश किसी मजबूत समझौते पर पहुंचते हैं, तो दोबारा सैन्य कार्रवाई की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी।
इससे पहले रविवार को CNN को दिए इंटरव्यू में भी ट्रम्प ने इसी तरह की बात कही थी। उन्होंने संकेत दिया था कि बातचीत सफल रहने पर अमेरिका सैन्य कार्रवाई से बच सकता है। हालांकि, अमेरिका ने यह साफ किया है कि स्थिति में किसी भी तरह का बदलाव होने पर उसकी सेना जवाब देने के लिए तैयार रहेगी।
अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते दो बार किए हमले
ट्रम्प के बयान के बीच अमेरिकी सेना की सैन्य गतिविधियां भी जारी रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में अमेरिकी सेना ने ईरान पर कम से कम दो सीमित हमले किए। इन हमलों में ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाया गया। इसके अलावा शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक कमर्शियल जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया। अमेरिका का दावा है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
ईरान की चेतावनी- जंग खत्म हुई तो 2 दिन में खोल देंगे होर्मुज स्ट्रेट
दूसरी तरफ ईरान ने भी अमेरिका के सामने अपनी शर्तें रखी हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने के लिए तैयार होता है, तो ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोल सकता है। अराघची ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश किसी भी तरह की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, युद्ध के दौरान देश ने अपने हथियारों और सैन्य क्षमताओं को मजबूत किया है। सेना की कमजोरियों को दूर करने के साथ नए हथियारों का परीक्षण भी किया गया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सेना पूरी तरह अलर्ट है।
क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट? दुनिया की तेल सप्लाई पर पड़ सकता है असर
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्तों में से एक है। फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ने वाले इस रास्ते से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई होती है। दुनिया के कई देश अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस समुद्री मार्ग पर निर्भर हैं। ऐसे में अगर यहां जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ सकता है। तेल महंगा होने से पेट्रोल-डीजल की कीमतों के साथ परिवहन और दूसरी जरूरी वस्तुओं की लागत भी बढ़ सकती है। यही वजह है कि अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चल रही बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर है।
अमेरिकी चुनावों में भी ईरान युद्ध बना बड़ा मुद्दा
ईरान के साथ जारी संघर्ष का असर अब अमेरिकी राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवाना पड़ा। चुनाव के दौरान अमेरिकी नागरिकों के बीच युद्ध को लेकर नाराजगी भी एक बड़ा मुद्दा रही। लंबे समय तक चले सैन्य संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई और इसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों पर पड़ा। महंगाई और बढ़ते खर्च के बीच युद्ध को लेकर लोगों की चिंता ने ट्रम्प प्रशासन पर दबाव बढ़ाया है। ऐसे में ईरान के साथ तनाव कम करना अमेरिकी सरकार के लिए राजनीतिक और आर्थिक दोनों नजरिए से महत्वपूर्ण हो सकता है।
अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को शुरू किए थे हमले
अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। दोनों देशों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा चिंताएं जताई थीं। इसके जवाब में ईरान ने भी हमले किए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष बढ़ गया। इसके बाद अप्रैल की शुरुआत में युद्धविराम की कोशिश हुई, लेकिन यह ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सका। जून में भी संघर्ष रोकने और सीजफायर को लेकर समझौता हुआ, लेकिन अगस्त में फिर तनाव बढ़ गया।
अब दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत की कोशिशें चल रही हैं। इसमें ईरान का परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही और स्थायी युद्धविराम जैसे मुद्दे शामिल हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रम्प और ईरान के बीच बातचीत किसी ठोस समझौते तक पहुंच पाएगी या दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ेगा।
यह भी पढ़े: नेतन्याहू की सत्ता पर संकट, आइजनकोट के समर्थन में उतरीं 6 पार्टियां









