Harley-Davidson की नई बाइक, फीचर्स जानकर रह जाएंगे हैरान

Harley-Davidson ने अपनी नई क्रूजर बाइक Sprint 440 से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इसे उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो दमदार इंजन के साथ क्लासिक क्रूजर लुक और आरामदायक राइडिंग का अनुभव चाहते हैं। 440 सीसी इंजन वाली यह बाइक Hero MotoCorp के साथ मिलकर विकसित की गई है। इसका मुकाबला मिडिलवेट क्रूजर सेगमेंट की बाइक्स से माना जा रहा है। ऐसे में Royal Enfield Meteor 350 के चाहने वालों की नजर भी इस नई बाइक पर रहेगी।
Harley-Davidson Sprint 440 का डिजाइन कैसा है?
Sprint 440 को कंपनी ने पुराने क्रूजर अंदाज में तैयार किया है, लेकिन इसमें आधुनिक डिजाइन की झलक भी देखने को मिलती है। बाइक के आगे गोल एलईडी हेडलाइट दी गई है। इसके अलावा टियरड्रॉप शेप का फ्यूल टैंक, छोटा रियर फेंडर और नीचे की तरफ रखा गया सीट सेटअप इसे क्लासिक क्रूजर लुक देता है। इस बाइक की सबसे खास बात इसकी कम सीट हाइट है। इसकी सीट की ऊंचाई लोडेड स्थिति में 671 मिमी बताई गई है। इससे कम हाइट वाले राइडर्स को भी बाइक संभालने में आसानी हो सकती है। कंपनी ने इसे हल्के और आसानी से चलने वाले Harley-Davidson मॉडल के तौर पर पेश किया है।
440 सीसी इंजन देगा दमदार परफॉर्मेंस
Harley-Davidson Sprint 440 में 440 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 6,000 आरपीएम पर 27 हॉर्सपावर की ताकत और 4,000 आरपीएम पर 38 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी मिलता है, जिससे गियर बदलना आसान हो सकता है। बाइक को इस तरह तैयार किया गया है कि शहर की सड़कों के साथ हाईवे पर भी आरामदायक राइडिंग का अनुभव मिल सके। माइलेज की बात करें तो कंपनी के दावों के मुताबिक, यह बाइक करीब 34 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज दे सकती है। हालांकि, वास्तविक माइलेज सड़क, राइडिंग स्टाइल और ट्रैफिक की स्थिति पर निर्भर करेगा।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम
खराब सड़कों पर बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए Sprint 440 में आगे की तरफ 43 मिमी के अपसाइड डाउन फॉर्क्स दिए गए हैं। इनमें 130 मिमी का सस्पेंशन ट्रैवल मिलता है। पीछे की तरफ पिगीबैक ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जिनमें सात स्तर पर प्रीलोड एडजस्ट करने की सुविधा है। ब्रेकिंग के लिए बाइक के फ्रंट में 320 मिमी और रियर में 240 मिमी की डिस्क दी गई है। इसके साथ डुअल-चैनल एबीएस भी मिलता है। बाइक में आगे 19 इंच और पीछे 17 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं।
फीचर्स में भी मिलेगी आधुनिक तकनीक
दिखने में भले ही Sprint 440 क्लासिक क्रूजर जैसी हो, लेकिन इसके फीचर्स आधुनिक हैं। इसमें गोल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ 3.5 इंच का कलर टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है। इस पर राइडर को स्पीड, गियर पोजिशन और ट्रिप से जुड़ी जानकारी मिलती है।

तीन रंगों में आएगी Harley-Davidson Sprint 440
कंपनी ने इस बाइक को तीन रंगों में पेश किया है। इसमें डार्क बिलियर्ड ग्रे, विविड ब्लैक और टील थंडर कलर शामिल हैं। इन रंगों के साथ बाइक का क्लासिक क्रूजर लुक और भी आकर्षक दिखाई देता है।
भारत में कब लॉन्च होगी Harley-Davidson Sprint 440?
Harley-Davidson ने Sprint 440 को वैश्विक बाजार के लिए पेश किया है। अमेरिका में इसकी बिक्री 2027 के वसंत में शुरू होने की योजना है। दूसरे देशों में इसकी उपलब्धता का समय अलग-अलग हो सकता है। भारत में इस बाइक की लॉन्च डेट और कीमत को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, Hero MotoCorp के साथ साझेदारी में विकसित होने के कारण भारतीय बाजार में इसे लेकर दिलचस्पी बनी हुई है। फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग की पुष्टि का इंतजार करना होगा।
कुल मिलाकर, कम सीट हाइट, 440 सीसी इंजन और क्लासिक क्रूजर डिजाइन के साथ Sprint 440 Harley-Davidson की नई पेशकश है। भारतीय बाजार में आने पर यह Royal Enfield जैसी बाइक्स को कड़ी चुनौती दे सकती है।
यह भी पढ़े: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के पास है करोड़ों की कार!









