3 दिन में गंदगी करने वाले 658 पैसेंजरों से वसूला 73200 रुपए का जुर्माना

रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता जागरुकता अभियान का समापन

उज्जैन। स्वच्छता का संकल्प, स्वस्थ जीवन का आधार है… इसी भावना को साकार करते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन पर तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता जागरुकता अभियान चलाया गया। इसके तहत पांच सदस्यों की विशेष टीम बनाई गई जिसने विभिन्न प्लेटफाम्र्स पर घूम-घूमकर यात्रियों को ना सिर्फ सफाई के प्रति जागरूक किया बल्कि गंदगी करने से रोका और जो यात्री ऐसा करते मिले उनसे जुर्माना वसूला गया। इस तीन दिनों में 658 यात्रियों से 73,200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। टीम ने उन्हें सफाई रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की समझाइश दी।
दरअसल, तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यात्रियों को सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित उद्घोषणा, टीवी स्क्रीन पर शॉर्ट फिल्में, स्वच्छता स्लोगन, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। साथ ही स्टेशन परिसर में सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए गए हैं।
यात्रियों से अपील
रतलाम मंडल ने यात्रियों से अपील करता है कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। रेलवे परिसर और ट्रेनें भी घर से कम नहीं हैं, अत: वहां ना तो गंदगी करें और ना ही दूसरों को करने दें ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।









