साध्वी को टक्कर मारने वाले आलमी और आरिफ को जेल भेजा, कंधे में फ्रैक्चर हुआ है साध्वी को

हादसे में सेवादार लक्ष्मी भी घायल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साध्वी हितदर्शनाश्रीजी को टक्कर मारने वाले कार में सवार दो युवकों को जेल भेज दिया गया है। साध्वी का उज्जैन में इलाज चल रहा है। घटनाक्रम रतलाम जिले का होने के कारण बदनावर पुलिस ने पूरा मामला रतलाम पुलिस को सौंपा है।
साध्वीजी रतलाम के धराड़ गांव से विहार कर सातरूंडा में रात्रि विश्राम करने जा रही थीं। इसके पहले हादसा हो गया। साध्वी को अंदरूनी चोट आई हैं, उनका कंधा भी फैक्चर हो गया है। उनके साथ चल रही साध्वी चारु दर्शनाश्रीजी (65) बाल-बाल बच गई। हादसे में तीन महिला सेवादारों में से लक्ष्मी बाई को मामूली चोट आई है।
रेनमउ से भोजन कर किया था विहार
साध्वी भगवंत प्रियदर्शना श्रीजी मसा की शिष्या साध्वी हितदर्शना मसा एवं चारुदर्शना श्रीजी मसा आदि ठाणा रतलाम के रेनमऊ से भोजन कर 2 व्हील चेयर से विहार पर निकले थे। मारूति एकेडमी व सातरूंडा के बीच काले रंग की कार ने हितदर्शना श्रीजी मसा की व्हील चेयर को टक्कर मार दी। घटना के बाद साध्वी की सहायककर्मी का बदनावर विहार परिवार को फोन कर जानकारी दी। विहार परिवार बदनावर ने सातरूंडा के सेवक दर्शन जैन, रेनमउ के विनय जैन को जानकारी दी।
टोल नाके पर की घेराबंदी
बदनावर के सदस्यों ने बोराली टोल टैक्स पर कार्यरत सदस्य अरुण जैन को जानकारी दी। सभी सदस्यों को घटनाक्रम के बारे में बताया। कुछ ही देर बाद टक्कर मारने वाले वाहन को पकड़ लिया। उस समय वाहन में दो लोग सवार थे। दोनों को पकड़ कर रात में ही बदनावर थाने को सौंपा। इसके बाद बलपांक थाने पर भेजा।
रेन महू निवासी विनय (34) पिता बाबूलाल जैन की रिपोर्ट पर बिलपांक थाना पुलिस ने कार में सवार आलमी (24) पिता गुलशेर मंसूरी व आरिफ (32) पिता रफीक खान दोनों निवासी ग्राम बेडिय़ा जिला खरगोन के खिलाफ केस दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया। बिलपांक थाना पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन क्रमांक एमपी 09 जेडटी 3364 को जब्त कर लिया।









