पोस्ट ऑफिस के कई खाताधारियों के एटीएम कार्ड की मियाद खत्म, नए कब बनेंगे पता नहीं, बुजुर्ग परेशान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सामान्य खाताधारकों के अलावा टेलीकॉम, बी एस एन एल तथा खुद पोस्ट ऑफिसेस के पेंशनर्स पोस्ट ऑफिस के बचत खाते से जुड़े हुए हैं। खाता धारकों के खाते बैंकिंग प्रणाली से जुडऩे के बाद पोस्ट ऑफिस ने अपने खाता धारकों को एटीएम की सुविधा देते हुए एटीएम कार्ड इश्यू किए थे। पिछले कुछ अरसे से कई खाताधारियों के एटीएम कार्ड की वैलेडिटी अवधि खत्म होने से कार्ड निष्क्रिय हो गए जाहिर है ऐसे में उनकी एटीएम सुविधा खत्म हो गई। नतीजतन बुजुर्ग खाताधारियों को हर मौसम में आने जाने की दिक्कत उठानी होती है।

इन दिनों भीषण गर्मी के कारण उम्रदराज खाता धारियों को बहुत दिक्कतों का सामना करना होता है। कई बार अगर सिस्टम खराब हो तो उन्हें दोबारा तिबारा आना जाना पड़ता है। नए कार्ड के बाबत जब पूछताछ की जाती है तो जवाब मिलता है कि कार्ड हमारे यहां से उपलब्ध नहीं होते है तो हम कुछ कह सकने की स्थिति में नहीं है। जब भी हेड क्वार्टर से इश्यू होंगे आपको दे देंगे। वैसे उनकी दिक्कत समझ में आती है मगर हेड पोस्ट ऑफिस के जिम्मेदार यहां के बुजुर्ग खातादारों की दिक्कत बयां कर कोई तसल्लीबख्श जवाब तो हांसिल कर खातेदारों को आश्वस्त कर सकते हैं। महज यह कह देना पर्याप्त नहीं है कि जब आएंगे तब आपको मिल जाएंगे।









