भोपाल की टीम को चरक अस्पताल के स्टोर में मिली एक्सपायर्ड दवाइयां

सीएमएचओ ने कहा एक्सपायर्ड दवाएं रिकार्ड के साथ स्टोर में रखते हैं
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। भोपाल से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल चरक भवन के स्टोर रूम में एक्सपायर्ड दवाइयों का स्टॉक मिला है।
भोपाल स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉ. हिमांशु और डॉ. पंडया की अगुआई में औचक निरीक्षण के लिए आई थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि अस्पताल में जगह की कमी है और डॉक्टरों के उपस्थिति रजिस्टर में कई दिनों से हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब स्टोर रूम में पहुंची, तो मरीजों को मिलने वाली एक्सपायरी दवाइयों का स्टॉक रखा हुआ पाया गया। स्टोर इंचार्ज ने बताया कि दवाइयां रखी जरूर हैं लेकिन मरीजों को नहीं दी जा रही हैं। गंभीर खामी सामने आने पर टीम ने नाराजगी जताई और तत्काल एक्सपायरी दवाइयों को हटाने के निर्देश दिए।
यह रूटीन निरीक्षण- सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि यह रूटीन निरीक्षण है। हर तीन महीने में टीम आती है। स्टोर में एक्पायरी डेट की दवाएं रखना भी व्यवस्था का हिस्सा है। रजिस्टर में एंट्री के बाद दवाएं स्टोर में रखी जाती हैं। बाद में समिति की अनुशंसा के बाद उन्हें नष्ट कर दिया जाता है। यह दवाइयां मरीजों को नहीं दी जाती।
चरक भवन की अन्य खामियां
इमरजेंसी कक्ष में ट्रेनिंग डॉक्टर मरीजों को देख रहे हैं।
अस्पताल परिसर में पार्किंग स्टैंड और ऑटो-ई-रिक्शा खड़े रहते हैं।
इमरजेंसी कक्ष के पास महीनों से सीवरेज का पानी बह रहा है और बदबू फैल रही है।
जन औषधि केंद्र पर ताले लगे थे।









