इंदौर : पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में झुलसे युवक की मौत

By AV NEWS

इंदौर के महू थाना क्षेत्र के आंबा चंदन गांव में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद विस्फोट में घायल युवक की मौत हो गई। चोइथराम अस्पताल में उसने बुधवार दोपहर में अंतिम सांस ली।

उसके शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक का नाम रोहित पिता परमानंद निवासी दतौदा बताया जा रहा है। अन्य दो घायलों का उपचार चोईथराम अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि यहां केमिकल रखे रूम में मिक्सिंग के दौरान आग लगी थी। आग की चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी झुलस गए।

हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3.30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही घटना की जांच भी शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्‍ट्री में ब्‍लास्‍ट इतना तेज हुआ कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि फैक्ट्री लाइसेंसी थी। लाइसेंस 31 मार्च तक वैलिड था।

हरदा की पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के बाद से इंदौर में प्रशासन लगातार जांच कर रहा है। इंदौर में राऊ, सिमरौल और अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पटाखा फैक्ट्री हैं। यहां पर प्रशासन सख्ती से काम कर रहा है। बावजूद इसके ब्लास्ट होने पर सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि 6 फरवरी 2024 को हरदा की पटाखा फैक्‍ट्री में ब्‍लास्‍ट  हुआ था। इस हादसे ने सबको झकझोर दिया था। जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।वहीं 300 से ज्‍यादा लोग घायल हो गए थे। मध्‍य प्रदेश के इतने बड़े हादसे के बाद भी पटाखा फैक्ट्रियों ने कोई सबक नहीं लिया है।

Share This Article