रॉन्ग साइड से कार लाया पुलिस ने 4500 रु. का चालान कटवाया

ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर मिला था वीडियो
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर मेें ध्वस्त हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस तमाम कोशिशें कर रही हैं। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस को अपने हेल्पलाइन नंबर पर एक वीडियो मिला था। फ्रीगंज ओवरब्रिज के ११ सेकंड के इस वीडियो में एक शख्स रॉन्ग साइड से कार चलाकर ला रहा था और चामुंडा माता चौराहे की ओर जाते हुए दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहा था। इसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और कार के नंबर से शख्स की पहचान कर उसे भरतपुरी स्थित थाने बुलाया गया।
यहां मोटर वाहन अधिनियम के तहत 4500 रुपए का चालान बनाया गया। साथ ही भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, गलत दिशा में वाहन ना चलाएं और किसी भी प्रकार के यातायात नियम उल्लंघन की जानकारी ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन पर दें।
13 सेकंड का वीडियो जारी किया
इसके बाद पुलिस ने 13 सेकंड का वीडियो भी जारी किया। इसमें रॉन्ग साइड से कार चलाकर लाने वाला शख्स चालान बनवाने के बाद अपने इस कृत्य के लिए माफी मांग रहा है। उसने कहा ऐसी गलती भविष्य में नहीं, उसने लोगों से भी ऐसा नहीं करने का अनुरोध किया।
पुलिस ने जारी किया है हेल्पलाइन नंबर
यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने के लिए ट्रैफिक थाने ने हेल्पलाइन नंबर 75876-37158 भी पिछले दिनों शुरू हुए हेलमेट अभियान के दौरान जारी किया है। इस नंबर पर शहरवासी बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, वाहनों से स्टंट करने वालों या ट्रैफिक नियम तोडऩे वालों के फोटो या वीडियो भेज सकते हैं। इसके बाद पुलिस एक्शन लेकर उन पर कार्रवाई करेगी।









