मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय भूपेंद्र यादव ने किये बाबा महाकाल के दर्शन

देश-प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगलकामना

जगदीश मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की, रथयात्रा की शुभकामनाएं दी
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उज्जैन के जगदीश मंदिर में भगवान जगन्नाथ और महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना कर देश-प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
जगदीश मंदिर में भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परंपरा अनुसार पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएं। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर चहुंओर बड़ा ही हर्ष और आनंद का वातावरण हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री यादव को अंग वस्त्र और भगवान महाकाल का चित्र भेंट किया। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार सुबह पुलिस लाइन उज्जैन में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अगवानी कर स्वागत किया।









