मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 132 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की देंगे सौगात

शहर में 68 करोड़ रुपए से तैयार हुआ शॉपिंग मॉल, फ्लैट भी खरीद सकेंगे लोग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव 11 जुलाई को गृहनगर में उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा 68 करोड़ की लागत से बनकर तैयार शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित 132 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर शहर को सौगात देंगे। इसके अलावा विक्रमनगर स्टेशन के पास 250 हेक्टेयर जमीन पर प्रस्तावित नए शहर की योजना का भूमिपूजन भी करेंगे। यूडीए द्वारा यहां पहला रेलवे ओवरब्रिज बनाने की भी तैयारी की जा रही है।
यूडीए ने नानाखेड़ा बस स्टैंड के सामने 68 करोड़ रुपयों से सर्वसुविधायुक्त कमर्शियल कम रेसीडेंशियल कॉम्प्लेक्स बनाया है। 37 हजार 650 वर्गफीट जमीन पर डेढ़ लाख वर्गफीट निर्माण कर यह शानदार कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर 9 बड़ी दुकानें, फर्स्ट फ्लोर पर 11 दुकानों के अलावा 29 थ्री बीएचके और 24 टू बीएचके फ्लैट भी बनाए गए हैं। इनके लिए 6 लिफ्ट और दो लोअर बेसमेंट हैं जहां 80 कार पार्क की जा सकेगी। इसका लोकार्पण सीएम डॉ. यादव 11 जुलाई की शाम को करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम मिलते ही यूडीए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
इनका भी होगा लोकार्पण
48 करोड़ लागत: इंदौर रोड और देवास रोड के बीच एमआर 11 रोड पर शिप्रा विहार वाणिज्यिक परिसर ग्राम मालनवासा की 45 बीघा जमीन पर विकास कार्य किया गया है। बड़े प्लॉट देने के लिए 45, 30 और 24 मीटर चौड़ी सडक़ें बनाई गई हैं। साथ ही अंडरग्राउंड सीवरेज नेटवर्क, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, आदि की सुविधाएं हैं। सात हजार वर्गफीट जमीन पर हरियाली से लैंडस्केपिंग की गई है।
16 करोड़ लागत: एमआर 11 रोड तारामंडल, इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से होकर कुशाभाऊ ठाकरे मार्ग को जोड़ती है। यहां सेंट्रल लाइटिंग का कार्य भी किया गया है। इससे शहर में इंदौर रोड और देवास रोड के पैरेलल नया रोड मिल जाएगा।
175 करोड़: विक्रमनगर स्टेशन के पास नीमनवासा, धतरावादा, नागझिरी, कोठीमहल और लालपुर क्षेत्र की 250 हेक्टेयर जमीन पर नगर विकास योजना 3 और 4 विकसित की जा रही है। इसका भूमिपूजन सीएम द्वारा करने का प्रस्ताव है।









