कलेक्टर-SP बाइक से पंचक्रोशी यात्रा मार्ग की तैयारियों को देखने निकले

पड़ावों का निरीक्षण कर संबंधितों को दिए पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 118 किलोमीटर की पंचक्रोशी यात्रा इसी माह शुरू होगी। हजारों की संख्या में लोग यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर सुबह कलेक्टर-एसपी यात्रा प्रारंभ स्थल भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां भगवान का पूजन अर्चन किया और बाइक से निकल पड़े पंचक्रोशी यात्रा पर। उनके पीछे पुलिस व प्रशासन के अफसर अपने वाहनों से पड़ाव स्थल तक पहुंचे।
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रशासन व पुलिस के अफसरों को पंचक्रोशी यात्रा की तैयारियों को लेकर कोठी पर बुलाया था। यहां से दोनों अफसर बाइक से पटनी बाजार स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर के मंदिर पहुंचे। पंचक्रोशी यात्री इसी मंदिर से बल प्राप्त कर अपनी 118 किलोमीटर लंबी यात्रा शुरू करते हैं। अफसरों ने यहां भगवान के दर्शन किए और हेलमेट लगाकर बाइक पर बैठे। पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल पर गूगल मैप शुरू किया। उनके साथ चल रहे अफसरों को अपने वाहनों, बस से पहले पड़ाव स्थल पिंगलेश्वर आने के निर्देश दिए और बाइक से निकल पड़े पिंगलेश्वर की ओर। उन्होंने सडक़ की स्थिति देखी और रास्ते में छांव, पेयजल, टॉयलेट की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद पहुंचे पिंगलेश्वर। उन्होंने पिंगलेश्वर पड़ाव पर यात्रियों के लिए छांव हेतु टेंट लगवाने, टॉयलेट और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश अफसरों को दिए। इसके बाद दोनों अफसर बाइक से ही अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए।
इन स्थानों पर रहता है पड़ाव
धार्मिक महत्व की पंचक्रोशी यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। लोग पटनी बाजार स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर के मंदिर में दर्शन कर बल प्राप्त करने के बाद यात्रा पर रवाना होते हैं। यात्रा में पिंगलेश्वर के अलावा शनि मंदिर, करोहन, नलवा, अंबोदिया, जैथल, उण्डासा पर भी पड़ाव होते हैं। पांच दिन चलने वाली उक्त यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालु पुन: नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचकर बल लौटाने के बाद अष्टतीर्थ यात्रा भी करते हैं।








