मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए जिला अस्पताल के पुराने पेड़ों की कटाई शुरू

पेड़ों की लकडिय़ां कौन ले जाएगा इसका फैसला नहीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जिला चिकित्सालय परिसर के भवनों को तोडक़र यहां मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज निर्माण होना है। ठेकेदार द्वारा भवनों को तोडऩे के साथ ही यहां लगे पेड़ों की कटाई भी शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी इस पर असमंजस है कि पेड़ों की लकड़ी कौन लेकर जाएगा।
जिला चिकित्सालय परिसर में बरगद, पीपल, नीम, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रकार के करीब 300 वृक्ष लगे हैं। मेडिकल कॉलेज निर्माण के चलते इन हरे भरे वृक्षों को काटा जाएगा। ठेकेदार ने पेड़ों को चिन्हित कर कटाई का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि पेड़ों की लकडिय़ों के ढेर बनाकर अभी परिसर में ही रखा गया है।
कीमती लकड़ी को कौन लेकर जाएगा इसका फैसला अभी नहीं हो पाया है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार ठेके की शर्त में पेड़ की लकडिय़ों का उल्लेख नहीं है। ऐसे में उक्त लकड़ी वन विभाग के पास जाना चाहिए। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि फिलहाल कलेक्टर साहब की मीटिंग में हूं बाद में जवाब दे पाऊंगा।









