दिल्ली CM ने विधानसभा में CAG रिपोर्ट पेश की

CAG Report in Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा में आज सीएम रेखा गुप्ता ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) रिपोर्ट पेश की। भारतीय जनता पार्टी नीत दिल्ली सरकार ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के प्रदर्शन पर शराब नीति सहित सीएजी की 14 लंबित रिपोर्ट पेश करने का ऐलान किया था। दिल्ली की नवगठित आठवीं विधानसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन रिपोर्ट पेश की गई।

स्पीकर बोले, आप सरकार ने रिपोर्ट को दबाए रखा
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने कैग रिपोर्ट में काम नहीं किया बल्कि इसे दबाए रखा। कोर्ट के बोलने के बाद भी रिपोर्ट पेश नहीं की गई। संवैधानिक शक्तियों का उल्लंघन हुआ और रिपोर्ट को छुपाया गया। स्पीकर गुप्ता ने कहा, हाई कोर्ट ने भी कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश करने में देरी की गई।
सीएम रेखा ने किया था रिपोर्ट पेश करने का ऐलान
भाजपा आरोप लगाती रही है कि आप सरकार ने अपने कार्यकााल में कैग रिपोर्ट रोक रखी थी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले गुरुवार को घोषणा की थी कि नई सरकार के पहले सत्र में कैग रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। कैग की लंबित रिपोर्ट में राज्य के वित्त, सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे, वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण, शराब विनियमन और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के कामकाज की समीक्षा शामिल है।
भाजपा ने किआ था अदालत का रुख
भाजपा ने आप के कार्यकाल के दौरान बार-बार इन रिपोर्ट को जारी करने की मांग की थी। पार्टी ने सरकार को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश देने के लिए अदालत का रुख किया था। भाजपा ने आप सरकार पर कथित भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए जानबूझकर ऑडिट में देरी करने का आरोप लगाया था। विधानसभा चुनावों के दौरान यह मुद्दा गहरा गया था, जिसमें भाजपा ने वित्तीय कुप्रबंधन के निष्कर्षों को दबाने के प्रयास के रूप में देरी को उजागर किया था।









