इस्तीफा देने की चालाकी काम नहीं आई देवेंद्र कांसल सोश्यल ग्रुप से निष्कासित

मीटिंग में लिए गए निर्णय का वीडियो वायरल

चेतावनी… फेडरेशन से नहीं हटाया तो सोश्यल गु्रप अलग हो जाएगा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अपनी हरकतों के कारण पिछले कुछ दिनों से देवेंद्र कांसल दि. जैन समाज में चर्चा का विषय बने हुए थे। समाज की उन पर पूरी नजर थी। इंतजार सिर्फ इतना था कि पीडि़त पक्ष सामने आए और कांसल को बेनकाब करे। सामाजिक मर्यादा और मान-सम्मान के कारण किसी ने उसके खिलाफ आवाज नहीं उठाई, लेकिन समाज ऐसे लोगों को कतई माफ नहीं करता। कांसल को भनक लग गई कि समाज में उसके खिलाफ आक्रोश का लावा भडक़ रहा है। यह किसी भी दिन ज्वालामुखी बन कर फट सकता है। नतीजतन, उसने जैन सोश्यल गु्रप से इस्तीफा दे दिया।
मीटिंग में कांसल का बहिष्कार
इस्तीफा देने की चालाकी से ग्रुप के लोग और भडक़ गए, उन्होंने बाकायदा एक मीटिंग बुलाई और कांसल का न सिर्फ बहिष्कार किया बल्कि ग्रुप से निष्कासित कर दिया। मीटिंग में लिए गए निर्णय को पढ़ कर सुनाया गया और वहां मौजूद सभी लोगों ने तालियां बजा कर अनुमोदन किया। इतना ही नहीं दि.जैन सोश्यल गु्रप फेडरेशन जिसका अध्यक्ष कांसल है उससे भी अनुरोध किया गया है कि वहां से इसका निष्कासन किया जाए अन्यथा उज्जैन का सोश्यल गु्रप फेडरेशन से अलग हो जाएगा।
पिछले माह ही देवेंद्र कांसल फेडरेशन का अध्यक्ष बना था। मीटिंग में यह निर्णय भी लिया गया कि देवेंद्र कांसल समाज की जितनी भी संस्थाओं में सदस्य है और पद पर है उसके अध्यक्ष को पत्र भेज कर उसे वहां से भी हटाया जाए। गौरतलब है कि कांसल पावरलूम के यार्न का कमीशन एजेंट है। यह भी उल्लेखनीय है कि कांसल को निष्कासित करने की जो मीटिंग थी उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कई ग्रुप में उसके खिलाफ टिप्पणियां भी की जा रही हैं।









