महाकालेश्वर के शीघ्र दर्शन टिकट अब इंदौर में एयरपोर्ट से भी मिलेंगे

एयरपोर्ट पर मंदिर समिति का काउंटर खोलने की तैयारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रबंध समिति स्थायी काउंटर स्थापित करने जा रही है। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की हाल ही में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। यह सुविधा सीधे उज्जैन जाने वाले हजारों यात्रियों की महाकाल दर्शन यात्रा को और अधिक सहज और सुलभ बनाने के लिए शुरू की जा रही है।
मंदिर अधिकारियों के अनुसार काउंटर आगामी दिनों में शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट पर टिकट और जानकारी मिलने से श्रद्धालुओं के समय की बचत होगी और मंदिर में होने वाली भीड़भाड़ तथा परेशानी भी कम होगी। गौरतलब है कि महाकाल महालोक बनने के बाद उज्जैन में पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। खासकर भस्म आरती में सेलिब्रिटी, उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां, क्रिकेट खिलाड़ी निरंतर आ रहे रहे हैं। काउंटर संचालन के लिए एयरपोर्ट प्रशासन, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात किए जा सकें।
काउंटर से यात्रियों को सुविधा: यह काउंटर उन यात्रियों के लिए वन-स्टॉप डेस्टिनेशन होगा, जो सीधे एयरपोर्ट से उज्जैन आ रहे हैं। शीघ्र दर्शन टिकट (ऑन-द-स्पॉट) यहीं से बुक हो सकेगा। भस्म आरती संबंधी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। महाकाल लोक भ्रमण की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।उज्जैन में निवास व्यवस्था की जानकारी। लोकल ट्रांसपोर्टेशन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन।









