एक ही परिवार के चार लोगों को चाकू मारे

गाली देने से शुरू हुआ विवाद, युवती के सीने में घोंपा चाकू, बेटी की हालत गंभीर
जबलपुर। जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज करने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। इंदिरा नगर गुप्तेश्वर में सोमवार रात क्षेत्र के तीन बदमाशों ने एक परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में पिता, बेटी और दो बेटे घायल हो गए। युवती के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्राणघातक हमले का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक तेज आवाज में एक-दूसरे को गाली दे रहे थे। काफी देर तक गाली-गलौज जारी रहने पर बनारसी लाल गुप्ता घर से बाहर आए। उन्होंने युवकों को समझाते हुए गाली देने से मना किया और घर जाने के लिए कहा। आरोप है कि उनकी बात से नाराज तीनों युवकों ने बनारसी लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटी काजल और बेटे मोहित व मनीष मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर चाकुओं से हमला कर दिया। बनारसी लाल के पेट में चाकू लगा, जबकि उनकी बेटी काजल के सीने पर वार किया गया। मोहित के पैर और मनीष के हाथ में चाकू से चोट आई।
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। पड़ोसियों की मदद से घायलों को देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, काजल के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बनारसी लाल को भी गंभीर चोट आई है।
तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस
गोरखपुर थाना पुलिस ने कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया है। एएसपी पल्लवी शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामूली कहासुनी के बाद एक परिवार पर हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई।









