धनतेरस-दीपावली पर फ्रीगंज-पुराना शहर के बाजार नो-व्हीकल

कल से लागू होगी ट्रैफिक की त्योहारी व्यवस्था
उज्जैन। धनतेरस एवं दीपावली के लिए पुलिस ने बाजारों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है। जिसके तहत फ्रीगंज और गोपालमंदिर क्षेत्र के बाजार को नो व्हीकल जोन बनाया है। एसपी प्रदीप शर्मा, एडिशनल एसपी नीतेश भार्गव, यातायात उप पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कनपुरिया व दिलीप सिंह परिहार ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह व्यवस्था लागू की है जो 17अक्टूबर को सुबह 10 बजे लागू होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
फ्रीगंज क्षेत्र : ऑटो, ई-रिक्शा, दोपहिया और चारपहिया प्रतिबंधित
फ्रीगंज क्षेत्र : ऑटो, ई-रिक्शा, दोपहिया और चारपहिया प्रतिबंधित
पुराना शहर क्षेत्र में इन मार्गों पर सभी वाहन प्रतिबंधित
हरसिद्धि पाल से गुदरी चौराहा की ओर। महाकाल घाटी से गुदरी की ओर। गुदरी से पटनी बाजार की ओर। कमरी मार्ग से गोपाल मंदिर की ओर। टंकी चौराहा से छत्री चौक की ओर। कंठाल चौराहा से छत्री चौक की ओर। क्षीरसागर से कंठाल चौराहा की ओर। दौलतगंज से फव्वारा चौकी की ओर।
पार्किंग व्यवस्था: टंकी चौक स्थित मल्टी-लेवल पार्किंग। क्षीरसागर स्टेडियम के समीप सड़क किनारे निर्धारित पार्किंग क्षेत्र।
दीपावली पर श्री महाकाल मंदिर में आतिशबाजी प्रतिबंधित
पारंपरिक आरती के दौरान केवल एक फूलझड़ी जलाई जाएगी
उज्जैन। दीपावली, धनतेरस आदि मौकों पर श्री महाकाल मंदिर के अंदर या परिसर में आतिशबाजी पर मंदिर समिति ने प्रतिबंध लगाया है। पूजन के दौरान सिर्फ एक फूलझड़ी के जरिए प्रतीकात्मक आतिशबाजी की अनुमति दी गई है।
मंदिर प्रबंधन के निर्देशानुसार 20 अक्टूबर को दीपावली पर भगवान श्री महाकाल की आरती-पूजन के दौरान, प्रत्येक आरती—यानी प्रात: भस्म आरती, अभ्यंग स्नान के पश्चात आरती, संध्या आरती एवं शयन आरती—में पूजा-अर्चना के दौरान केवल एक फूलझड़ी जलाई जाएगी। यह प्रक्रिया मंदिर की पारंपरिक एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न की जाएगी।
मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक के मुताबिक दीपोत्सव पर्व के दौरान गर्भगृह, कोटितीर्थ कुण्ड, मंदिर परिक्षेत्र तथा श्री महाकाल महालोक क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आतिशबाज़ी, पटाखों का फोडऩा, ज्वलनशील पदार्थ, अनार, फूलझड़ी या अन्य आतिशबाज़ी सामग्री लाना एवं उपयोग करना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा-भाव से मनाएँ तथा प्रशासन का सहयोग करें।










