भाईदूज मनाकर निकली शिक्षिका की हादसे में मौत

उज्जैन। मौलाना गांव के पास सड़क हादसे में शनिवार सुबह शिक्षिका की मौत हो गई। शिक्षिका भाईदूज मनाने भाई के घर उज्जैन आई हुई थी। शनिवार सुबह बदनावर अपने घर जाने के लिए निकली थी, लेकिन बीच रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार को ही उन्होंने परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था।

कश्यप विद्या पीठ बदनावर में शिक्षिका स्वाति वैष्णव (44) की दुर्घटना में मौत हुई है। शनिवार 25 अक्टूबर सुबह स्वाति स्कूटी से भाई के उज्जैन स्थित घर से बदनावर अपने घर के लिए निकली थी। मौलाना गांव के पास अज्ञात वाहन ने शिक्षिका की गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। उनके के शव को पोस्ट मार्टम के लिए बडऩगर भेजा गया।
खबर लगते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि एक दिन पहले ही शुक्रवार को स्वाति का जन्मदिन था। जन्मदिन उन्होंने अपने परिवार के साथ मनाया था। शनिवार सुबह स्वाति बदनावर चौपाटी स्थित अपने घर के लिए निकली थी। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गई।








