गैंगस्टर दुर्लभ के लापता शागिर्द की हत्या!

गांव के कुएं से मिली लाश, चोट के निशान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
साथियों के साथ सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए गया था,
10 रुपए की सिगरेट को लेकर हुआ था विवाद
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रहने वाले लापता युवक लोकेश तंबोलिया की गुत्थी को रतलाम पुलिस ने सुलझा लिया है। उसका शव ढोढर के पास परवलिया गांव में रहने वाले सरफराज के कुएं से मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। गौरतलब है कि लोकेश गैंगस्टर दुर्लभ कश्यप से बेहद प्रभावित था। वह उसे गुरु की संज्ञा देता था। वह दुर्लभ की लाइफ स्टाइल का अनुसरण करता था। उसके साथी भी दुर्लभ की तरह रहना पसंद करते हैं।
विवाद के समय साथी गांव में घूमने गए थे
लोकेश पिता भंवरलाल तंबोलिया ने 1 नवंबर को अपने भाई रोहित, दोस्त लाखन, आनंद, गोलू, रोहित कुमार, कार्तिक और सौरभ के साथ सांवरिया सेठ दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया। रास्ते में बहुचर्चित ढोढर आता है। परवलिया पहुंचने के बाद कार साइड में एक दुकान पर रोकी। दुकानदार यश चौहान से सिगरेट मांगी। उसने 10 के बजाए 15 रुपए मांगे। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। लोकेश के साथी उस समय गांव में घूमने गए हुए थे।
ढाबे पर साथियों को बताया
लोकेश ने विवाद को तूल नहीं दिया। इसी बीच उसके साथी लौट आए। सभी पास के ढाबे पर खाना खाने चले गए। यहीं पर लोकेश ने साथियों को विवाद की जानकारी दी। भोजन करने के बाद सभी बाहर आ ही रहे थे कि सिगरेट के रेट को लेकर विवाद करने वाला यश वहां आ धमका। उसके साथ रिंकू, पीयूष और अन्य लोग भी थे। सभी ने मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से लोकेश और उसके साथी घबरा गए। जान बचाकर सभी भाग निकले। लोकेश वहीं फंस गया। पुलिस को लोकेश के साथियों ने जो बताया उसके अनुसार। लोकेश ने फोन किया कि मैं निकल गया हूं, तुम लोग भी भाग जाओ। कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। दोस्तों ने समझा कि वह किसी तरह उज्जैन पहुंच जाएगा। वह नहीं आया।
इंतजार करते रहे, गुमशुदगी दर्ज कराई
उज्जैन आने के बाद लोकेश के भाई ने परिवार के लोगों को आपबीती सुनाई गई। 4नवंबर को ढोढर चौकी में लोकेश के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने यश, रिंकू और पीयूष सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इधर, उज्जैन पुलिस भी सक्रिय हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार ने मामले की जांच अपने हाथ में लेकर टीम का गठन किया। टीम ने वाटरप्रूफ कैमरे से सर्चिंग शुरू की। घटनास्थल से थोड़ी ही दूर सरफराज के कुएं से लोकेेश का शव मिल गया। परिवार के लोगों को बुलाकर शिनाख्त की गई। पुलिस ने शव देख कर बताया कि उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर यही प्रतीत होता है कि उसकी हत्या हुई है। स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।









