गोवा नाइट क्लब अग्निकांड थाईलैंड भागे दोनों मालिक

जमीन का मालिक बोला- नमक के खेतों पर बनाए अवैध क्लब-रेस्टोरेंट, 20 साल से मामला कोर्ट में

पणजी । गोवा के अरपोरा गांव में ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी आग के कुछ घंटे बाद ही क्लब के दोनों मालिक सौरभ और गौरव लूथरा थाईलैंड भाग गए। पुलिस ने हादसे के बाद एफआईआर दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की थी। 7 दिसंबर को दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया, लेकिन इमिग्रेशन रिकॉर्ड से पता चला कि वे इंडिगो फ्लाइट 6ई 1073 से देश छोड़ चुके थे। पुलिस के मुताबिक दोनों 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे ही इंडिगो की फ्लाइट से फुकेट रवाना हो गए।
उन्हें पकडऩे के लिए अब इंटरपोल से मदद मांगी है। इधर, जमीन के असली मालिक प्रदीप घाडी अमोनकर ने कहा कि क्लब नमक के खेतों पर अवैध रूप से बनाया गया था। यह मामला 20 साल से कोर्ट में चल रहा है। पणजी से 25 किलोमीटर दूर बने क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में नाइट क्लब के 20 कर्मचारी और 5 टूरिस्ट शामिल हैं।
अब तक 5 आरोपी अरेस्ट
पुलिस ने क्लब के ऑपरेशनल स्टाफ भारत कोहली को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन ने क्लब चेन की दो अन्य प्रॉपर्टी को सील कर दिया है। दोनों प्रॉपर्टी विवादों में थीं। गोवा सरकार ने सोमवार को इस हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय मजिस्ट्रियल जांच समिति बनाई है। गोवा सरकार ने नाइटक्लब, रेस्टोरेंट, बार और इवेंट वेन्यू के लिए नई एडवाइजरी जारी की है।
किचन तक पहुंची आग, सीढिय़ों पर मिले शव
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि 25 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर क्लब के कर्मचारी थे। डीजीपी ने कहा- आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव किचन एरिया से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढिय़ों पर हुई।









