मोहननगर से स्टेशन की ओर भारी वाहन व स्लीपर बसें प्रतिबंधित

उज्जैन। आगर रोड की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने मोहन नगर चौराहे से स्टेशन की ओर भारी वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया। इसमें स्लीपर बसें भी शामिल हैं। नए आदेश के तहत सुबह ७ से रात १२ बजे यह आदेश लागू होगा। आगर रोड पर इन दिनों सर्वाधिक ट्रैफिक है। अनाज, फल व सब्जी मंडी के ट्रैफिक के साथ ही अब यहां राजस्थान, दिल्ली आदि का ट्रैफिक भी बढ़ गया है। इस कारण यहां अकसर ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है। ऐसे में प्रशासन ने मोहन नगर चौराहा ट्री से स्टेशन की ओर हेवी वाहनों का टै्रफिक डायवट कर दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
स्लीपर बसों पर भी प्रतिबंध
आगर रोड से राजस्थान, उत्तरप्रदेश, दिल्ली के कई शहरों के स्लीपर बसें भी गुजरती हैं। शाम 6 से रात 11 बजे के बीच करीब 50 से अधिक बसें यहां से गुजरती हैं। इसी तरह सुबह के वक्त इन बसों का यहां लौटना होता है। इन बसों के जगह-जगह रुकने कारण भी यहां जाम की स्थिति बनती है। इस कारण प्रशासन ने यात्री बसों को भी मोहन नगर चौराहे से देवासगेट की ओर प्रतिबंधित किया है।
मक्सी रोड की ओर से जाना होगा
ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी दिलीपसिंह परिहार के मुताबिक बड़े वाहनों को अब मोहन नगर रोड ट्री से टर्न होकर मक्सी रोड सेंटपाल स्कूल के सामने होते हुए आगे जाना होगा। इस रोड के माध्यम से मक्सी रोड, देवास रोड, इंदौर रोड आदि सभी मार्गों पर बिना शहर में जाए पहुंचा जा सकता है। नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचने का भी यह आसान मार्ग है।









