होटल मैनेजर ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाई

अंदर से बंद था दरवाजा, एफएसएल टीम ने किया मौका मुआयना, महाकाल पुलिस कर रही जांच

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल क्षेत्र स्थित एक होटल में वहीं काम करने वाले मैनेजर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने खुदकुशी क्यों की, फिलहाल इसका कारण अज्ञात है। सुबह होटल मालिक और कर्मचारी उसे वेंटिलेशन से फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा जिसके बाद महाकाल पुलिस को सूचना दी गई। एफएसएल की टीम ने दरवाजा खुलवाया और फिर कमरे की जांच की। महाकाल पुलिस मर्ग कायम का पीएम के लिए भिजवाया।
मृतक का नाम कमल पिता बाबूलाल सूर्यवंशी (24) निवासी पिपलिया धूमा झारड़ा के पास है। वह बेगमबाग के समीप नीलकंठ द्वार के सामने होटल शिव कृपा में मैनेजर था। होटल मालिक रवि गुप्ता ने बताया कि कमल उनकी होटल में पिछले पांच सालों से काम कर रहा था और होटल में ही रहता था।
बीती रात वह काम खत्म होने के बाद सोने चला गया। रोज सुबह वह 6 बजे उठ जाता था लेकिन जब 7 बजे तक नहीं जागा तो मैं अपने एक कर्मचारी के साथ सुबह सेकंड फ्लोर पर रूम नंबर 110 में उसे उठाने गया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद वेंटिलेशन से देखा तो वह पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। इसके बाद महाकाल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। इसके बाद बॉडी को उतारकर पीएम के लिए भिजवाया गया। मामले में महाकाल पुलिस मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
10 भाई-बहनों में सबसे छोटा था
मृतक के बड़े भाई विक्रम सूर्यवंशी ने बताया कि कमल १० भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पढऩे में होशियार था। उसने १२वीं तक पढ़ाई की थी। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। उसने ऐसा जानलेवा कदम क्यों उठाया, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
पता नहीं था ऐसा कुछ कर लेगा
मृतक के दूसरे भाई रामेश्वर सूर्यवंशी भी इंदिरानगर में रहते हैं और चेरिटेबल अस्पताल में कैश काउंटर कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। रामेश्वर ने बताया कि परसों (सोमवार) को कमल से मेरी बात हुई थी लेकिन वह सामान्य बातचीत थी। उसकी बातों से कहीं भी ऐसा नहीं लगा कि वह परेशान है या फिर ऐसा कोई कदम उठा सकता है।









