युवक की लाश की शिनाख्त, फोन में मिले पिता के 80 मिस्ड कॉल

उज्जैन। गऊघाट स्थित शिप्रा से मिली युवक की लाश की शिनाख्त नीलगंगा पुलिस ने कर ली है। मृतक का नाम महिपाल पिता बलवीर सिंह (21) निवासी ग्राम कलमा थाना टोंकखुर्द, देवास है। वह देवास में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। पुलिस ने बताया जांच में पता है कि वह थोड़ा सनकी था और खुद ही नदी में कूदा था।

एएसआई श्रवण सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक महिपाल तीन दिन पहले अपने घर से बिना बताए निकला था। घरवालों ने पूछताछ में बताया है कि वह पहले भी ऐसा करता रहा है जिसके चलते उन्होंने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज नहीं करवाई। उसका भाई भी उज्जैन के निजातपुरा में रहकर पढ़ाई करता है लेकिन महिपाल उसके पास भी नहीं गया था। घरवालों ने उसे फोन लगाकर पूछा भी था कि महिपाल उसके पास आया है तो उसने इंकार कर दिया था। बुधवार को उसकी लाश गऊघाट स्थित शिप्रा नदी से मिली थी। गुरुवार दोपहर पुलिस ने पीएम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया था।
बाइक भी मिली थी
एएसआई भदौरिया ने बताया कि मौके से महिपाल की बाइक भी मिली थी। बाइक उसने किसी से खरीदी थी लेकिन उसका नाम ट्रांसफर नहीं हुआ था। उसकी बाइक के साइड में डिक्की लॉक थी उसे जब खुलवाया गया तो उसमें महिपाल का मोबाइल मिला जिसमें उसके पिता के 80 मिस्ड कॉल थे।









