बीमार मां ने खाना नहीं बनाया तो शराबी बेटे ने गला काट कर हत्या कर दी, जेल भेजा

कू्ररता की इंतेहा…कायथा के जवासिया कुमार गांव में दिल दहलाने वाली घटना

आरोपी के कब्जे से जब्त किया दरांता, पूर्व में थाने में प्रकरण दर्ज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ग्राम जवासिया कुमार में क्रूरता की हद पार कर अपनी ही मां की हत्या करने वाले कलयुगी बेटे को कायथा पुलिस ने गिरफ्तार मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मां बीमार थी इसलिए उन्होंने खाना नहीं बनाया था, इसी बात से नाराज होकर बेटे ने मां पर दरांत से गर्दन पर हमला कर दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से दरांता भी जब्त किया है। बहरहाल, मां और बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली इस घटना से हर कोई सकते मेें है।
तराना एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि 12 मई की रात ग्राम जवासिया कुमार निवासी रामेश्वर पिता जगन्नाथ (50) शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी 85 वर्षीय मां सुंदरबाई की तबीयत खराब थी इसलिए उन्होंने खाना नहीं बनाया था। इससे रामेश्वर इतना नाराज हो गया कि कि उसने दरांते से अपनी मां पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर में कोई नहीं था।
मां तड़पती रही और बेटा देखता रहा…
दरांते का गर्दन पर हमला होते ही वह निढाल होकर जमीन पर गिर गई। उसके गले से खून की धार निकली और चारों तरफ फैल गई। वह जमीन पर पड़ी तड़पती रही और कू्रर बेटा उसे देखता रहा। शोर सुन कर आसपास के लोग सुंदरबाई के मकान की ओर दौड़े। तब तक वह वहीं खड़ा लोगों को देखता रहा। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सुंदरबाई की लहूलुहान हालत देख कर आसपास की महिलाओं की आंखें नम हो गईं लेकिन उस निर्लज पर कोई असर पड़ा।
हत्या में इस्तेमाल दरांता जब्त
सूचना मिलते ही कायथा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेते हुए दरांता जब्त कर लिया। एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि आरोपी रामेश्वर शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में विवाद करता रहता है। उस पर पहले भी मारपीट और आबकारी एक्ट के प्रकरण कायथा थाने में दर्ज हैं।









