शराब पीने के लिए रुपए मांगे, नहीं दिए तो मारपीट कर चढ़ा दी ऑटो

उज्जैन। शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर एक ऑटो चालक ने युवक के साथ मारपीट करते हुए उस पर ऑटो चढ़ा दी।
घायल अकबर पिता सईद (28) निवासी बेगमपुरा है। उसके पिता सईद ने बताया कि अकबर मिस्त्री का काम करता है और अपने साथी मिस्त्री को छोडऩे के लिए बुधवार रात 10 बजे आगर रोड गया था। वहां से लौटते वक्त उसे शाहरुख उर्फ चकमक निवासी आगर नाका ने रोका और शराब पीने के लिए रुपए मांगे लेकिन अकबर ने इंकार कर दिया।

इस पर शाहरुख ने उसके साथ मारपीट की। अकबर को लगा कि वह चला गया लेकिन वह ऑटो लेकर फिर लौटा और उस पर चढ़ा दिया जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत चरक अस्पताल में लाया गया लेकिन शाहरुख रात में अस्पताल भी पहुंच गया और परिवार के लोगों को धमकी दी कि रिपोर्ट दर्ज करवाई तो फिर मारूंगा। फिलहाल उन्होंने चिमनगंज थाने में शिकायत नहीं की है।









