स्कूल खुलने से पहले सुधारें बच्चों की ये जरूरी आदत

छुट्टियों में बच्चों का देर रात तक मोबाइल देखना और सुबह देर से सोकर उठना बेहद आम है। लेकिन स्कूल खुलते ही यही रूटीन माता-पिता और बच्चों दोनों के लिए सिरदर्द बन जाता है। पहले दिन की अफवाह-तफरी से बचने के लिए आपको अभी से कुछ कदम उठाने होंगे।

स्लीप साइकिल को धीरे-धीरे बदलें
अगर आपका बच्चा छुट्टियों में रात 12 बजे सोने का आदी हो चुका है, तो स्कूल खुलने से एक दिन पहले उसे जबरन 9 बजे सुलाना नामुमकिन होगा। इसके लिए स्कूल शुरू होने से कम से कम एक सप्ताह पहले ही बच्चे के सोने और उठने का समय धीरे-धीरे बदलना शुरू करें।
हर दिन बच्चे को सामान्य समय से 15 से 20 मिनट पहले सुलाने की आदत डालें और सुबह भी उसी हिसाब से जल्दी उठाएं। इस क्रमिक बदलाव से बच्चे की बॉडी क्लॉक (Biological Clock) बिना किसी तनाव या चिड़चिड़ाहट के नए स्कूल रूटीन के अनुसार खुद को आसानी से ढाल लेगी।
दोपहर की लंबी नींद पर लगाएं ब्रेक
छुट्टियों के दिनों में बच्चे अक्सर दोपहर में दो से तीन घंटे की लंबी तानकर सोते हैं। अगर यह आदत जारी रही, तो उन्हें रात में जल्दी नींद नहीं आएगी। इसलिए दोपहर की इस एक्स्ट्रा नींद (डे-नैप) के समय को पहले थोड़ा कम करें और फिर इसे पूरी तरह बंद कर दें।
डिनर का समय और डाइट प्लान
बच्चे की स्लीप साइकिल को सुधारने में रात के भोजन (डिनर) का बहुत बड़ा हाथ होता है। देर रात भारी खाना खाने से बच्चों का डाइजेशन खराब होता है, जिससे उनकी नींद बार-बार टूटती है। कोशिश करें कि सोने से ठीक दो घंटे पहले ही उन्हें हल्का और सुपाच्य डिनर दे दें।
इन 4 आसान पेरेंटिंग टिप्स से बच्चों का स्कूल रूटीन बनाएं बेहद आसान
- स्क्रीन टाइम पर पाबंदी: रात को सोने से कम से कम एक घंटे पहले बच्चों से मोबाइल, टैबलेट या टीवी जैसी सभी स्क्रीन पूरी तरह दूर कर दें, ताकि दिमाग शांत हो सके।
- रोशनी का सही तालमेल: सुबह बच्चे के कमरे के पर्दे हटा दें ताकि प्राकृतिक धूप अंदर आए। सुबह की प्राकृतिक रोशनी शरीर को स्वतः और जल्दी जगाने में सबसे ज्यादा मददगार होती है।
- उत्साह जगाएं: बच्चे से स्कूल के दोस्तों, पसंदीदा टीचर्स और नए सिलेबस के बारे में सकारात्मक बातें करें। इससे बच्चे के मन में स्कूल जाने को लेकर एक उत्सुकता और उत्साह पैदा होगा।
- रात में ही तैयारी: सुबह की भागदौड़ और तनाव से बचने के लिए स्कूल यूनिफॉर्म, जूते, बैग और लंच बॉक्स जैसी जरूरी चीजों की तैयारी रात को सोने से पहले ही पूरी कर लें।









