Advertisement

इंश्योरेंस पॉलिसी क्लेम के नाम पर महिला इंजीनियर से 14.20 लाख ठगे, 1 गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राज्य साइबर पुलिस ने एक 65 वर्षीय बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है जिस पर एक महिला इंजीनियर से 14.20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। यह ठगी इंश्योरेंस पॉलिसी के क्लेम सेटलमेंट और आईआरडीएआई अधिकारी बनकर की गई थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

राज्य साइबर पुलिस उज्जैन एसपी सव्यसाची सराफ ने बताया कि जुलाई 2023 में उज्जैन निवासी फरजाना (बदला हुआ नाम), जो ग्रामीण यांत्रिकी विभाग में सब इंजीनियर हैं, ने शिकायत दर्ज करवाई थी जिसमें बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को आईआरडीएआई का अधिकारी बताते हुए संपर्क किया और कहा कि उनकी इंश्योरेंस पॉलिसी का भुगतान मैच्योरिटी से पहले किया जा सकता है। ठग ने फरियादी को अपनी पॉलिसी में अपडेट कराने और बीमा क्लेम बोनस के लिए अलग-अलग शुल्क के रूप में 14 लाख 20 हजार रुपए जमा करने को कहा। उसने वादा किया कि यह राशि मैच्योरिटी के साथ वापस कर दी जाएगी। फरियादी ने मई और जून 2023 में अलग-अलग किश्तों में यह राशि जमा कर दी। जब उन्हें पॉलिसी की राशि नहीं मिली और ठग ने और रुपए की मांग की तो उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

भरूच व अंकलेश्वर जमा किया गया था रुपए
इस मामले की जांच के लिए उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती लीना मारोठ के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। तकनीकी जानकारी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर टीम को पता चला कि पैसा गुजरात के भरूच और अंकलेश्वर में जमा किया गया था। निरीक्षक देवराज सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने तीन दिन तक मेहनत के बाद आरोपी 65 वर्षीय अतुल पिता चीनू भाई शाह को अंकलेश्वर से गिरफ्तार किया।

Advertisement

दिल्ली के परिचित के कहने पर खुलवाया था खाता

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिल्ली में अपने एक परिचित तरुण सचदेव के कहने पर अपना बैंक खाता खुलवाया था। तरुण सचदेव ने ही उसके खाते में अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट करवा दी थी। ठगी की गई राशि का कुछ हिस्सा आरोपी को दूसरे बैंक खाते में मिलता था।

Advertisement

ठगी से बचने के लिए पुलिस की जनता को सलाह

किसी भी अंजान कॉल पर भरोसा न करें।

इंश्योरेंस पॉलिसी या लोन के लिए सीधे बैंक या कंपनी की शाखा में संपर्क करें।

किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर किसी भी बैंक खाते में पैसे जमा न करें।

टीम व्यूवर या एनीडेस्क जैसे रिमोट एक्सेस ऐप किसी के कहने पर इंस्टॉल न करें।

क्यूआर कोड स्कैन करने पर आपके खाते से पैसे कट सकते हैं।

अपनी कोई भी व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें।

Related Articles

Write a review